गुरुग्राम में कंपनी अकाउंटेंट ने 73 लाख का फ्रॉड किया, सट्टेबाजी के कर्ज में फंसा तो लिया गबन का सहारा
गुरुग्राम में बोंग टेक्नोलॉजी कंपनी के अकाउंटेंट तुषार ने सट्टेबाजी के कर्ज चुकाने के लिए 73 लाख रुपये का गबन किया। आरोपी ने रकम अपनी मां के खाते में ट्रांसफर की। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है।

गुरुग्राम: गुरुग्राम पुलिस ने बोंग टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के अकाउंटेंट तुषार को 73 लाख रुपये की धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कंपनी के वेंडर्स के नाम पर अपने और अपनी मां के खातों में रकम ट्रांसफर की थी। पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया है।
सट्टेबाजी और ऑनलाइन गेमिंग का आदी था आरोपी
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी तुषार ऑनलाइन गेमिंग और सट्टेबाजी का आदी था। उस पर भारी कर्ज हो गया था, जिसे चुकाने के लिए उसने धोखाधड़ी का रास्ता अपनाया। कंपनी में काम करते हुए उसने धीरे–धीरे बैंकिंग सिस्टम का दुरुपयोग शुरू किया।
मां के खाते में ट्रांसफर कराए लाखों रुपये
कंपनी की आंतरिक जांच में पता चला कि तुषार ने वेंडर्स के नाम पर फर्जी ट्रांजेक्शन किए और रकम अपने तथा अपनी मां के खातों में डलवाई। इस तरीके से उसने करीब 73 लाख रुपये गबन कर लिए। कंपनी को जब वित्तीय गड़बड़ी का संदेह हुआ, तो जांच शुरू की गई।
जून 2024 में ज्वाइन की थी कंपनी
तुषार ने जून 2024 में कंपनी ज्वाइन की थी। कुछ ही महीनों में उसने सिस्टम को समझकर फर्जी ट्रांजेक्शन की योजना बनाई। उसकी गतिविधियों पर कंपनी प्रबंधन की नजर तब पड़ी जब खातों में अनियमित ट्रांसफर रिकॉर्ड हुए।
पुलिस ने किया गिरफ्तार, चल रही पूछताछ
आर्थिक अपराध शाखा-I की शिकायत पर सदर थाना, गुरुग्राम में मामला दर्ज किया गया। 30 अक्टूबर को तुषार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेजा गया। पुलिस अब धोखाधड़ी की रकम की रिकवरी और सट्टेबाजी नेटवर्क की जांच में जुटी है।



