संजय सिंह का BJP पर तीखा हमला, पूर्व विधायक के बयान पर PM-CM से जवाब मांगा
संजय सिंह ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर हिंदू धर्म को बदनाम करने का आरोप लगाया और पूर्व विधायक के विवादास्पद बयान पर PM और CM से सवाल किए। उन्होंने कानून-व्यवस्था की आलोचना करते हुए ‘सरयू से संगम तक’ पदयात्रा की घोषणा की।

लखनऊ: लखनऊ में सोमवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने डुमरियागंज के पूर्व भाजपा विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के विवादास्पद बयान को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सीधा सवाल पूछा। संजय सिंह ने कहा कि भाजपा नेताओं के इस तरह के भड़काऊ बयान समाज में नफरत फैलाने वाले हैं और इससे हिंदू धर्म की छवि खराब हो रही है।
‘हिंदू धर्म की मर्यादा का अपमान’ — संजय सिंह
संजय सिंह ने पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के उस बयान की कड़ी निंदा की जिसमें उन्होंने कहा था — “कम से कम 10 मुस्लिम लड़कियों को भगाओ, नौकरियां हम देंगे।”
उन्होंने कहा कि यह बयान न केवल गंगा–जमुनी तहजीब के खिलाफ है, बल्कि हिंदू धर्म की मर्यादा का भी अपमान है। उन्होंने सवाल किया कि क्या प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री ऐसे नेताओं को नफरत फैलाने का लाइसेंस दे चुके हैं? सिंह ने कहा, “भगवान राम के नाम पर नारे लगाने वाले अगर दूसरे धर्म की बेटियों को भगाने की बात करें, तो यह अधर्म है।”
पीछे कमल का निशान,मोदी-योगी की तस्वीर।
BJP का संस्कारी पूर्व विधायक।
BJP कह रही है “हिन्दुओं अगर नौकरी पानी है तो पहले एक घटिया इंसान बनो दूसरे धर्म की लड़की भगाओ”
कौन हिंदू माँ-बाप अपने बेटों को छिछोरा बनाना चाहता है?
क्या दुनिया में हिंदू धर्म की ये पहचान बनेगी?#छिछोरी_BJP https://t.co/MlKS9lWMlC— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) October 27, 2025
कानून–व्यवस्था और शासन पर भी तीखी टिप्पणी
AAP सांसद ने कहा कि प्रदेश में अपराधियों का डर खत्म हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि दलितों, पिछड़ों और महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री योगी केवल बुलडोजर और नाम बदलने की राजनीति में व्यस्त हैं। किसानों को फसलों का उचित दाम नहीं मिल रहा और युवाओं को रोजगार से वंचित रखा गया है।
उन्होंने SIR प्रक्रिया पर भी निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सवाल उठाए, आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग की नीतियां आम मतदाताओं के खिलाफ जा रही हैं।
AAP की ‘सरयू से संगम तक’ पदयात्रा
संजय सिंह ने घोषणा की कि 12 नवंबर से 24 नवंबर तक पार्टी उत्तर प्रदेश में “सरयू से संगम तक पदयात्रा” निकालेगी। इस अभियान के दो प्रमुख मुद्दे होंगे — “रोजगार दो, सामाजिक न्याय दो।”
उन्होंने कहा, “AAP नफरती राजनीति का विरोध जारी रखेगी और धर्म, न्याय व समानता के लिए संघर्ष करती रहेगी।”



