बिजनौर में महिला की गला रेतकर हत्या, पति के सोने के बाद घर से निकली थी हिना परवीन


बिजनौर में हिना परवीन की गला रेतकर हत्या कर दी गई। वह आधी रात घर से ऑल्टो कार में निकली थी। शव अगले दिन सड़क किनारे मिला। पति ने दो लोगों पर हत्या का आरोप लगाकर केस दर्ज कराया।

बिजनौर: बिजनौर के नहटौर थाना क्षेत्र के मोहल्ला तकियागढ़ी निवासी हिना परवीन (32) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार की देर शाम बिजनौर कोतवाली मार्ग पर गांव जीतपुर पलड़ी के पास झाड़ियों में उसका रक्तरंजित शव मिला। शव देख ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल, सीओ डॉ. अंजनी चतुर्वेदी और नगीना पुलिस पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

सोशल मीडिया से हुई पहचान

शनिवार दोपहर सोशल मीडिया पर फैली खबरों के बाद नहटौर के मोहल्ला तकियागढ़ी निवासी नजाकत पुत्र अकबर ने पुलिस से संपर्क किया और शव की पहचान अपनी पत्नी हिना परवीन के रूप में की। हिना की हत्या की खबर सुनकर परिजनों में कोहराम मच गया।

आधी रात में घर से निकली थी हिना

मृतका के ससुर अकबर ने बताया कि गुरुवार रात करीब 12 बजे हिना अपने छह बच्चों और पति नजाकत को घर में सोता छोड़ एक सफेद रंग की ऑल्टो कार में बैठकर घर से निकली थी। रात में करीब एक बजे बच्चे के रोने की आवाज पर नजाकत की नींद टूटी। उसने पत्नी को घर में तलाशा, लेकिन न मिलने पर मोहल्ले में खोजबीन की। शुक्रवार को लगे सीसीटीवी फुटेज में हिना को एक ऑल्टो कार में जाते हुए देखा गया था।

दो के खिलाफ हत्या का केस दर्ज

मृतका के पति नजाकत ने माजिद अहमद उर्फ बंटी (निवासी मोहल्ला कस्साबान, बिजनौर) और उसके साथी सुल्तान (निवासी बास्टा रोड, चांदपुर) के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। आरोप है कि माजिद का घर पर आनाजाना था और जानपहचान का फायदा उठाकर वह हिना को अपने साथ ले गया और उसकी हत्या कर दी।

पुलिस ने बनाई दो टीमें

सीओ नगीना डॉ. अंजनी चतुर्वेदी ने बताया कि हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button