सीतापुर में शराबी पिता की करतूत: डराने के लिए कुएं में लटकाई बेटी, हाथ फिसला और हो गई मौत
सीतापुर में नशे में धुत पिता ने बेटी को डराने के लिए कुएं में लटकाया, हाथ फिसलने से बच्ची गिरकर डूब गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लिया है।

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां शराब के नशे में धुत एक पिता की हरकत ने उसकी मासूम बेटी की जान ले ली। डराने के लिए कुएं में लटकाई गई बच्ची पिता के हाथ से फिसलकर नीचे जा गिरी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने आरोपी पिता को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
नशे में पिता से हुई जानलेवा गलती
घटना सीतापुर जिले के मिश्रिख कोतवाली क्षेत्र के जगन्नाथपुर फुलरुवा गांव की है। मंगलवार देर रात श्रवण कुमार नाम का व्यक्ति शराब के नशे में घर लौटा था। उसकी छोटी बेटी लक्ष्मी किसी बात को लेकर जिद कर रही थी। इससे गुस्से में आकर श्रवण ने उसे सबक सिखाने की ठानी। वह बच्ची को पकड़कर घर के पास स्थित कुएं तक ले गया और डराने के लिए कुएं में नीचे लटकाने लगा।
लेकिन नशे में धुत श्रवण का संतुलन बिगड़ गया और उसका हाथ फिसल गया। बच्ची कुएं में जा गिरी और पानी में डूब गई। यह देखकर पिता घबरा गया और उसे बचाने के लिए खुद भी कुएं में कूद पड़ा।
ग्रामीणों ने निकाला, पर तब तक देर हो चुकी थी
घटना के बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को कुएं से बाहर निकाला। तुरंत ही उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने बच्ची लक्ष्मी को मृत घोषित कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि श्रवण की पत्नी की मौत करीब छह साल पहले हो चुकी है। अब बेटी की मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
पुलिस ने लिया आरोपी को हिरासत में
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पिता श्रवण कुमार को हिरासत में ले लिया है। अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। फिलहाल पूरे गांव में इस दर्दनाक घटना के बाद शोक का माहौल है।



