Weather Alert: तमिलनाडु में बारिश से हाहाकार, बांधों से छोड़ा गया पानी; हिमाचल की बर्फबारी ने बढ़ाई सर्दी
तमिलनाडु में भारी बारिश से 1.46 लाख लोग प्रभावित हुए हैं और कई जिलों में जलभराव की स्थिति बनी है। आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि हिमाचल में बर्फबारी से ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

चेन्नई: तमिलनाडु में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। राज्य के कई जिलों में जलभराव और फसलों को नुकसान की खबरें हैं। चेन्नई में जलाशयों का जलस्तर तेजी से बढ़ने के बाद प्रशासन ने चेम्बरमबक्कम, पूझल (रेड हिल्स) और पूंडी बांधों से एहतियातन पानी छोड़ा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने दबाव क्षेत्र के कारण राज्य में अगले कुछ दिनों तक और बारिश हो सकती है।
चेन्नई जल संसाधन विभाग ने कहा कि अतिरिक्त पानी को सुरक्षित रूप से समुद्र की ओर बहाया जा रहा है और लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। लगातार बारिश के कारण विल्लुपुरम बस अड्डा पानी में डूब गया, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। चेन्नई पुलिस और निगम की टीमें सड़कों से पानी निकालने और गिरे हुए पेड़ों को हटाने में जुटी हैं।
1.46 लाख लोग प्रभावित, सरकार ने शुरू किए राहत केंद्र
राज्य में भारी बारिश से करीब 1.46 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। राहत कार्यों के लिए सरकार ने 106 रसोई केंद्र स्थापित किए हैं। उपमुख्यमंत्री उदयिनिधि स्टालिन ने चेन्नई स्थित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर का निरीक्षण किया और अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने बारिश प्रभावित इलाकों का दौरा कर स्थिति का जायजा भी लिया।
आंध्र प्रदेश में रेड अलर्ट, हिमाचल में बर्फबारी से बढ़ी ठंड
मौसम विभाग ने आंध्र प्रदेश के छह जिलों — प्रकाशम, नेल्लोर, कडप्पा, अन्नमय्या, तिरुपति और चित्तूर — में भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। यहां अगले 24 घंटों में 20 सेंटीमीटर से अधिक वर्षा हो सकती है। वहीं हिमाचल प्रदेश के लाहौल–स्पीति और मनाली में सीजन की दूसरी बर्फबारी हुई, जिससे न्यूनतम तापमान शून्य के करीब पहुंच गया है।
मनाली और आसपास के क्षेत्रों में बर्फबारी के बाद पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है। शिमला मौसम केंद्र ने बताया कि लाहौल–स्पीति के ताबो में तापमान माइनस 0.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का सबसे न्यूनतम है।



