VIDEO: ढाका एयरपोर्ट के कार्गो टर्मिनल में भीषण आग, उड़ानें रद्द और 9 विमान डायवर्ट, वायुसेना और नौसेना की टीमें राहत कार्य में जुटीं

ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट के कार्गो एरिया में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। कई फ्लाइट्स डायवर्ट की गईं, जबकि फायरफोर्स, वायुसेना और नौसेना आग बुझाने में लगीं।

ढाका: बांग्लादेश की राजधानी ढाका के हजरत शाहजलाल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शनिवार दोपहर लगभग 2:15 बजे कार्गो टर्मिनल में भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने इतना भयानक रूप ले लिया कि पूरे इलाके में काला धुआं फैल गया। आग की लपटें कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। स्थिति को देखते हुए एयरपोर्ट अथॉरिटी ने सभी उड़ानों को अस्थायी रूप से रोक दिया। दिल्ली से ढाका जा रही फ्लाइट का रूट बदलकर कोलकाता भेज दिया गया। कई अन्य फ्लाइट्स को रद्द या डायवर्ट करना पड़ा।

दमकल, वायुसेना और नौसेना की टीमें मौके पर

फायर सर्विस एंड सिविल डिफेंस ने बताया कि आग लगते ही दमकल की कई यूनिट्स मौके पर पहुंचीं। हालात बिगड़ते देख बांग्लादेश एयर फोर्स और नेवी की फायर यूनिट्स को भी बुलाया गया। सेना, नौसेना और बीजीबी (बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश) के कर्मी भी राहत और बचाव कार्यों में जुट गए। अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

9 विमान चटगांव और सिलहट डायवर्ट

नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAAB) के अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर स्थिति नियंत्रित करने तक सभी विमानों की लैंडिंग और टेकऑफ रोक दी गई है। ढाका की ओर आ रहे कम से कम 9 विमानों को चटगांव और सिलहट के एयरपोर्ट पर डायवर्ट किया गया है। सभी विमान सुरक्षित हैं।

पांच दिनों में तीसरी बड़ी आग

पिछले 5 दिनों में बांग्लादेश में यह तीसरी बड़ी आग की घटना है।

  • 14 अक्टूबर को ढाका में एक कपड़ा फैक्ट्री और केमिकल वेयरहाउस में आग से 16 मजदूरों की मौत हुई थी।
  • 16 अक्टूबर को चटगांव की आठ मंजिला फैक्ट्री जलकर खाक हो गई थी।
    अब एयरपोर्ट की आग ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Back to top button