बिहार में चुनाव से पहले करोड़ों की नकदी बरामद, गोपालगंज से 1 करोड़ और भोजपुर से 50 लाख मिले; पटना में इंजीनियर के घर रेड में बड़ा खुलासा
बिहार में चुनावी माहौल के बीच गोपालगंज, भोजपुर और पटना में पुलिस और निगरानी एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई की है। एक घर से 1 करोड़, बाइक की डिक्की से 50 लाख और इंजीनियर के घर से लाखों रुपये कैश व संपत्ति के दस्तावेज जब्त किए गए। चुनाव आयोग ने जांच तेज कर दी है।

पटना: बिहार विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस और निगरानी एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं। गोपालगंज, भोजपुर और पटना में छापेमारी के दौरान करोड़ों की नकदी और संपत्ति का खुलासा हुआ है। गोपालगंज में एक घर से 1 करोड़ रुपये कैश मिलने के बाद नोट गिनने की मशीन तक मंगवानी पड़ी, वहीं भोजपुर में बाइक की डिक्की से 50 लाख रुपये बरामद हुए।
गोपालगंज में चूल्हा बनाने वाले के घर से 1 करोड़ कैश
गोपालगंज जिले के थावे विधानसभा के कबिलासपुर गांव में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष और फ्लाइंग स्क्वॉड टीम (FST) ने संतोष प्रसाद के घर छापा मारा और बक्सों में रखे करीब 1 करोड़ रुपये बरामद किए।
संतोष प्रसाद गैस रिपेयरिंग का काम करता है, जबकि उसका बेटा चाय की दुकान चलाता है। फिलहाल पुलिस पूरे परिवार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। यह जांच की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम चुनाव से पहले कहां ले जाई जानी थी।
भोजपुर में बाइक की डिक्की से 50 लाख रुपये बरामद
भोजपुर जिले में स्टैटिक सर्विलांस टीम (SST) ने गांगी चेकपोस्ट पर एक बाइक की डिक्की से 50 लाख रुपये कैश पकड़ा। पुलिस ने मौके पर बाइक सवार दीपक कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया, जिसने बताया कि ये पैसा एक हार्डवेयर कारोबारी का है।
हालांकि, वह रकम की वैधता को लेकर कोई ठोस जवाब नहीं दे सका। पुलिस अब इस रकम के चुनावी इस्तेमाल की आशंका की जांच कर रही है।
पटना में इंजीनियर के घर रेड में बड़ा खुलासा
वहीं, पटना में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने ग्रामीण कार्य विभाग के इंजीनियर संजीव कुमार के ठिकानों पर छापा मारा। 13 घंटे चली इस कार्रवाई में करीब 7.5 लाख रुपये कैश, 18 लाख की ज्वेलरी और करोड़ों की संपत्ति के दस्तावेज बरामद हुए।
इंजीनियर के नोएडा और गाजियाबाद में फ्लैट, शेयर मार्केट और LIC में 60 लाख रुपये के निवेश का भी खुलासा हुआ है। निगरानी टीम को पता चला कि उनकी संपत्ति आय से 44% अधिक है।
चुनाव आयोग ने सतर्कता बढ़ाई
इन घटनाओं के बाद पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को हाई अलर्ट पर रखा है। अधिकारियों का कहना है कि जब्त नकदी और संपत्ति के पीछे का चुनावी कनेक्शन भी जांच के दायरे में है।



