गरीबी से ग्लैमर और अब राजनीति तक, भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव 25 करोड़ की संपत्ति के साथ छपरा से मैदान में
खेसारी लाल यादव ने 25 करोड़ की संपत्ति घोषित की। 3 करोड़ की कार, 35 लाख के गहनों के मालिक हैं। गरीब पृष्ठभूमि से उभरकर अब राजद के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे।

छपरा: भोजपुरी सिनेमा के सुपरस्टार खेसारी लाल यादव अब राजनीति के मैदान में उतर चुके हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने उन्हें बिहार विधानसभा चुनाव में सारण जिले की छपरा सीट से उम्मीदवार बनाया है। पहले इस सीट से उनकी पत्नी चंदा यादव के चुनाव लड़ने की चर्चा थी, लेकिन अंतिम समय में खुद खेसारी ने नामांकन दाखिल किया।
हलफनामे में 25 करोड़ की संपत्ति का खुलासा
नामांकन के दौरान दाखिल हलफनामे में खेसारी लाल यादव ने अपनी कुल संपत्ति 24.81 करोड़ रुपये बताई है। इसमें 16.89 करोड़ रुपये की चल संपत्ति और 7.91 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति शामिल है। वहीं उनकी पत्नी चंदा यादव के पास 90 लाख रुपये की चल और 6.49 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति दर्ज है। दोनों की संयुक्त संपत्ति करीब 25 करोड़ रुपये से अधिक है।
लग्जरी कार, ज्वेलरी और नकद राशि
खेसारी लाल यादव के पास 3 करोड़ रुपये की लग्जरी कार, 35 लाख रुपये के सोने के गहने और 5 लाख रुपये नकद हैं। उनकी पत्नी के पास 2 लाख रुपये नकद मौजूद हैं। वे कई बैंक खातों के भी मालिक हैं। राजद में शामिल होने के एक दिन बाद ही उन्हें टिकट मिला, जिससे राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई।
फिल्मों और संगीत का लंबा सफर
खेसारी लाल यादव अब तक 100 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय कर चुके हैं और 5,000 से अधिक भोजपुरी गीतों को आवाज दे चुके हैं। छपरा सीट पर 6 नवंबर को मतदान होना है, और उनके मैदान में आने से चुनावी मुकाबला काफी दिलचस्प हो गया है।
संघर्ष से सफलता तक का सफर
गरीबी से निकलकर स्टारडम तक पहुंचने की कहानी खेसारी लाल यादव की प्रेरणादायक है। उनके पिता मंगरू यादव कभी दिन में रेहड़ी–पटरी पर सामान बेचते और रात में सुरक्षा गार्ड का काम करते थे। खेसारी खुद मवेशी चराते और दूध बेचते थे। दिल्ली में उन्होंने परिवार संग लिट्टी–चोखा बेचकर जीवनयापन किया। आज वही संघर्षशील कलाकार भोजपुरी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय सितारों में से एक हैं और अब जनता की सेवा के लिए राजनीति में कदम रख चुके हैं।



