सनसनीखेज: हरयाणा पुलिस के एक और अफसर ने किया सुसाइड, घर में फंदे पर लटका शव.. 10 दिनों में तीसरी आत्महत्या!

हरियाणा पुलिस में एक और दर्दनाक घटना सामने आई है। रेवाड़ी में एएसआई कृष्ण यादव (40) ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया गया है कि वे पिछले कुछ समय से गृह क्लेश से परेशान थे।
सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों को ठहराया जिम्मेदार
मौके से मिला सुसाइड नोट इस पूरे मामले की गंभीरता बढ़ाता है। कृष्ण यादव ने अपने सुसाइड नोट में पत्नी और ससुराल वालों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। उनकी पत्नी दिल्ली में PGT टीचर हैं।
10 दिनों में तीसरा पुलिसकर्मी सुसाइड
यह पिछले दस दिनों में हरियाणा पुलिस का तीसरा सुसाइड मामला है।
-
7 अक्टूबर: आईपीएस वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ सेक्टर-11 स्थित घर में गोली मारकर आत्महत्या की।
-
14 अक्टूबर: रोहतक साइबर सेल के एएसआई संदीप लाठर ने खेत में बने कमरे में खुद को गोली मार ली।
-
17 अक्टूबर: अब एएसआई कृष्ण यादव ने फांसी लगाकर जान दी।
2004 में जॉइन किया था पुलिस बल
कृष्ण यादव ने 2004 में सिपाही के रूप में पुलिस सेवा में भर्ती ली थी। फिलहाल वे अपने पैतृक गांव जैनाबाद आए हुए थे, जहाँ उन्होंने घर में फंदा लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम की जांच जारी
घटना की सूचना पर पुलिस व फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुँची और जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों ने कहा है कि सुसाइड नोट और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मानसिक दबाव पर उठ रहे सवाल
लगातार हो रही आत्महत्याओं ने हरियाणा पुलिस बल के मानसिक स्वास्थ्य और कार्य दबाव को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसे मामलों में काउंसलिंग और तनाव प्रबंधन कार्यक्रमों की तत्काल आवश्यकता है।



