बड़ी खबर: अलग-अलग थानों में दरोगा ने किया युवती से कई बार रेप, केस में मदद करने के नाम पर बुलाया, फिर..

गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश): उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद से पुलिस विभाग की साख पर सवाल उठाने वाला चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां तैनात एक दरोगा ने केस में मदद का झांसा देकर एक युवती का 4 साल तक यौन शोषण किया। आरोपी ने खुद को अविवाहित बताकर शादी का वादा किया, पीड़िता से कई बार रेप किया, यहां तक कि गर्भवती होने पर उसका अबॉर्शन भी कराया। बाद में पता चला कि दरोगा पहले से शादीशुदा है। अब कोर्ट के आदेश पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

मदद के बहाने चौकी में किया रेप

पीड़िता के मुताबिक, साल 2019 में उसके परिवार का एक विवाद हुआ था, जिसका केस गाजियाबाद के साहिबाबाद थाने में दर्ज था। इस मामले की जांच के लिए तैनात दरोगा जय सिंह निगम, निवासी जतवार, जिला अलीगढ़, उनसे मिलने आया था।
दरोगा ने मदद का भरोसा दिलाते हुए युवती को शालीमार गार्डन पुलिस चौकी बुलाया और वहीं रेप किया।
इसके बाद आरोपी ने बंथला चौकी में भी युवती को अकेला पाकर दोबारा दुष्कर्म किया।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध

पीड़िता ने बताया कि आरोपी दरोगा ने बार-बार कहा कि वह अविवाहित है और उससे शादी करेगा। इस भरोसे पर वह चार साल तक शोषण का शिकार होती रही।
युवती के गर्भवती होने पर दरोगा ने कहा कि “शादी से पहले बदनाम हो जाओगी,” और उसे एक डॉक्टर के पास ले जाकर गर्भपात (अबॉर्शन) करा दिया।
हर बार शादी की बात टालते हुए वह कहता था कि “अभी ट्रांसफर होना है, फिर शादी करूंगा।”

आर्य समाज मंदिर में शादी, फिर निकला शादीशुदा

लंबे समय तक झूठ बोलने के बाद आरोपी ने 1 जुलाई 2024 को आर्य समाज मंदिर, गाजियाबाद में शादी की। अगले दिन यानी 2 जुलाई को रजिस्ट्रेशन भी कराया गया।
लेकिन कुछ ही दिनों बाद पीड़िता को पता चला कि दरोगा पहले से शादीशुदा है। जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने जान से मारने की धमकी दी।

शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं, कोर्ट ने लिया संज्ञान

पीड़िता ने 24 जुलाई 2024 को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसके बाद आरोपी दरोगा धमकाने और समझौते का दबाव बनाने लगा।
पीड़िता ने आखिरकार 26 जून 2025 को गाजियाबाद कोर्ट में मामला दायर किया।
कोर्ट के आदेश पर अब लोनी थाने में दरोगा जय सिंह निगम के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।

दरोगा बरेली में तैनात, जांच जारी

वर्तमान में आरोपी दरोगा जय सिंह निगम बरेली जिले में तैनात है।
एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने बताया कि,

“कोर्ट के आदेश पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों और संबंधित जिले में भेजी जा रही है।”

Related Articles

Back to top button