Live Accident Video: अस्थि विसर्जन करने जा रहा पूरा परिवार खत्म, खड़े ट्रक में घुसी कार, 6 की मौत.. CCTV में कैद हादसा!

मुजफ्फरनगर। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। बघरा बाईपास पर अस्थि विसर्जन के लिए हरिद्वार जा रहे करनाल के एक ही परिवार की अर्टिगा कार खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में परिवार के छह लोगों की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक सदस्य की हालत गंभीर बताई जा रही है।

हाईवे पर खड़े ट्रक में पीछे से घुसी कार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पानीपत-खटीमा हाईवे के बघरा बाईपास पर एक ट्रक ढाबे के पास खड़ा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने ट्रक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक भी करीब एक फीट पीछे खिसक गया। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें बैठे लोग फंस गए।

मौके पर अफरा-तफरी, लोगों ने शव निकाले

हादसे के बाद ढाबे पर मौजूद लोग और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने किसी तरह कार से शवों को बाहर निकाला और हाईवे किनारे रख दिया। सूचना पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। घायलों और मृतकों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अस्थि विसर्जन के लिए जा रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार, हरियाणा के करनाल जिले के फरीदपुर गांव निवासी महेंद्र की कुछ दिन पहले मौत हो गई थी। बुधवार को उनका बेटा पीयूष और परिवार के अन्य सदस्य मोहिनी, अंजू, विक्की, राजेंद्र, हार्दिक और शिवा अस्थियां लेकर हरिद्वार जा रहे थे। लेकिन तितावी क्षेत्र के बघरा बाईपास पर उनकी कार हादसे का शिकार हो गई।

छह की मौत, एक की हालत गंभीर

हादसे में पीयूष, मोहिनी, अंजू, विक्की, राजेंद्र और शिवा की मौत हो गई। वहीं हार्दिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस हृदयविदारक घटना से परिवार और पूरे इलाके में मातम छा गया है।

पुलिस जांच में जुटी

सड़क हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। एसपी ने बताया कि हादसे में छह लोगों की मौत हुई है और एक घायल है। मामले की जांच की जा रही है और ट्रक चालक का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button