सनसनीखेज: यूपी में पुलिस मौजूदगी में 15 वर्षीय प्रेमिका की हत्या, फिर युवक ने खुद को मारी गोली, दोनों की मौत!

बुलंदशहर के डिबाई इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। मुजफ्फरनगर से लापता किशोरी की तलाश में पहुंची पुलिस की दबिश के दौरान युवक ने पहले अपनी नाबालिग प्रेमिका को गोली मार दी और फिर खुद को भी गोली मार ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मुजफ्फरनगर से लापता हुई थी 15 वर्षीय किशोरी
मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र के एक गांव निवासी शख्स की 15 वर्षीय बेटी 20 सितंबर को घर से लापता हो गई थी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच में पता चला कि किशोरी को हरिद्वार जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के गांव फकरेड़ा निवासी 25 वर्षीय प्रिंस अपने साथ लेकर फरार हुआ है।
डिबाई में किराए पर रह रहे थे दोनों
पुलिस जांच में सामने आया कि प्रिंस किशोरी को लेकर डिबाई आ गया था। यहां उसके फूफा ने मोहल्ला सराय किशन चंद, हाईवे किनारे एक मकान की ऊपरी मंजिल पर दोनों को कमरा दिलाया। 22 सितंबर को दो हजार रुपये एडवांस देकर यह कमरा लिया गया, जहां दोनों खुद खाना बनाकर रहते थे।
पुलिस दबिश के दौरान हुई वारदात
गुरुवार तड़के मुजफ्फरनगर पुलिस किशोरी की तलाश में युवक के फूफा और ग्राम प्रधान के साथ डिबाई पहुंची। पुलिस ने किराए के कमरे का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसी बीच प्रेमी-प्रेमिका छतों के रास्ते भागने लगे। करीब तीन मकान पार करने के बाद आगे रास्ता न मिलने पर प्रिंस ने पहले किशोरी को सिर में गोली मार दी और फिर खुद भी तमंचे से गोली दाग दी।
छत पर खून से लथपथ मिले शव
पुलिस को जब फायरिंग की आवाज सुनाई दी, तो तलाश शुरू की गई। काफी देर बाद दोनों के शव मोहल्ले के ही एक पूर्व एडीओ ब्लॉक लायक सिंह के मकान की छत पर खून से लथपथ पाए गए। घटना के बाद पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
आपराधिक इतिहास वाला था प्रिंस
पुलिस जांच में पता चला कि मृतक प्रिंस आपराधिक प्रवृत्ति का था। इसी वर्ष मुजफ्फरनगर में हुई एक लूट की घटना में उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था, जहां से वह जमानत पर बाहर आया था। उस दौरान भी उससे तमंचा बरामद हुआ था। अब भी उसके पास से हथियार मिला है।
स्थानीय लोगों ने दी 112 पर सूचना
फायरिंग की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने डायल 112 को सूचना दी कि इलाके में चोर घुस आए हैं और गोलीबारी कर रहे हैं। जब 112 की टीम मौके पर पहुंची तो वहां पहले से ही मुजफ्फरनगर पुलिस मौजूद थी। बाद में छत पर खोजबीन के दौरान दोनों के शव बरामद किए गए।
पुलिस का बयान
इस मामले पर एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर पुलिस किशोरी की बरामदगी के लिए दबिश देने पहुंची थी। आशंका है कि पुलिस के डर से युवक ने पहले किशोरी की हत्या की और फिर खुदकुशी कर ली। युवक का आपराधिक इतिहास भी रहा है।



