बड़ी खबर: रील बनाने के चक्कर में डूबे 9 दोस्त, मौत.. स्कूल से लौटते समय अचानक बना प्लान, फिर..

गया (बिहार)। बिहार के गया जिले में गुरुवार (25 सितंबर 2025) को एक बड़ा हादसा हो गया। खिजरसराय थाना क्षेत्र के केनी पुल के पास रील बनाने के दौरान 9 स्कूली लड़के नदी में डूब गए। हादसे में 5 की मौत हो गई जबकि 2 की हालत गंभीर है।
वीडियो बनाने के दौरान गहरे पानी में गए सभी लड़के
पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, सभी लड़के स्कूल से लौटते वक्त नदी किनारे वीडियो (रील) बना रहे थे। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। अपनी जान बचाने के लिए लड़कों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला गया।
अस्पताल में भर्ती, 5 की मौत की पुष्टि
सभी लड़कों को तुरंत बेलागंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने 5 लड़कों को मृत घोषित कर दिया। जबकि 2 की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें अनुग्रह नारायण मगध मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। बाकी 2 का इलाज बेलागंज पीएचसी में चल रहा है।
मृतकों की हुई पहचान, 11वीं और 12वीं के छात्र थे सभी
अब तक जिन लड़कों की पहचान हुई है, उनके नाम तौसीफ, जासिफ, साहिल, जैम, सुफियान और साजिद बताए जा रहे हैं। सभी किशोर 11वीं और 12वीं कक्षा के छात्र थे। हादसे की सूचना मिलते ही गांव में मातम फैल गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन मौके पर, जांच जारी
नीमचक बथानी अनुमंडल के एसडीएम केशव आनंद ने बताया कि घटना के बारे में थाना और अंचलाधिकारी से रिपोर्ट मिली है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा रील बनाने के दौरान हुआ। हालांकि, घटना की सटीक जानकारी और यह भी कि क्या डूबने वालों में आपस में भाई या एक ही परिवार के लड़के थे, इसकी पुष्टि इलाजरत बच्चों के बयान के बाद होगी।
सोशल मीडिया पर रील बनाने की बढ़ती प्रवृत्ति पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर सोशल मीडिया पर रील बनाने की होड़ पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कम उम्र के बच्चों द्वारा बिना सुरक्षा नदी, पुल या अन्य खतरनाक जगहों पर वीडियो शूट करना उनकी जान पर भारी पड़ सकता है।



