यूपी में लड़की के लवर और एक्स-बॉयफ्रेंड में बीच सड़क बवाल, तमंचे से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग, घटना CCTV में कैद

मेरठ/दौराला: यूपी के मेरठ में सरदार वल्लभ भाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (मोदीपुरम) के कैंपस में मंगलवार को छात्रा के प्रेमी और उसके पूर्व प्रेमी के बीच विवाद ने मारपीट और गोलीबारी का रूप ले लिया। कैंपस गेट नंबर तीन के पास बनी कैंटीन के बाहर हुई इस घटना ने परिसर में अफरातफरी मचा दी। गोली चलते ही छात्र बाल-बाल बचा, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ गए हैं।
विवाद कैसे हुआ
घटना के अनुसार, एक छात्र अपनी स्कूटी के पास खड़े होकर छात्रा से बातचीत कर रहा था। तभी दो-तीन बाइकों पर सवार होकर पांच-छह युवक वहां पहुंचे। युवकों ने छात्र पर हमला कर दिया, उसकी स्कूटी गिरा दी और लात-घूसों से मारपीट की। इसी दौरान उनमें से एक युवक ने तमंचा निकालकर छात्र पर गोली चलाई, लेकिन गनीमत रही कि गोली छात्र को नहीं लगी।
भगदड़ और CCTV में कैद घटना
गोली चलने के बाद कैंपस में अफरातफरी मच गई और सभी आरोपी युवक वहां से फरार हो गए। विश्वविद्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरे ने पूरी घटना कैद कर ली। फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिसमें एक युवक तमंचा लहराते हुए छात्र के पीछे भागता नजर आ रहा है। सूत्रों के अनुसार, मारपीट में शामिल सभी आरोपी कबड्डी खिलाड़ी हैं।
मेरठ के कृषि विश्व विद्यायल में एक छात्रा को लेकर पहले प्रेमी और वर्तमान प्रेमी में चले जमकर लात घुसे। मारपीट करने आए युवकों के झुंड में से एक युवक ने वर्तमान प्रेमी पर तमंचे से किया फायर @NavbharatTimes pic.twitter.com/D1l88C0z5D
— NBT Uttar Pradesh (@UPNBT) September 17, 2025
पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन की कार्रवाई
सूचना मिलते ही सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल, थाना पुलिस और विश्वविद्यालय के सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार कटारिया मौके पर पहुंचे। पुलिस ने छात्रा से पूछताछ की और CCTV फुटेज खंगाली। सभी आरोपी कैमरे में कैद हो चुके हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों की तलाश में दबिश शुरू कर दी है।
प्रेम-प्रसंग बना विवाद की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि विवाद छात्रा के वर्तमान प्रेमी और उसके पूर्व प्रेमी के बीच शुरू हुआ। मामूली कहासुनी धीरे-धीरे मारपीट और फायरिंग में बदल गई। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. केके सिंह ने घटना की जांच के लिए कमेटी गठित कर दी है। रिपोर्ट आने के बाद दोषी छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
कृषि विश्वविद्यालय कैंपस में करीब 80 सुरक्षा गार्ड तैनात हैं, लेकिन इसके बावजूद बदमाश मारपीट और फायरिंग कर आसानी से फरार हो गए। इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्र और अभिभावक डरे हुए हैं और प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है।



