UP: बड़े BJP नेता की पुलिस से गुंडई! कार को टक्कर मारी और बोले – “मैं चार बार अध्यक्ष, ये भाजपा सरकार, मुझे कुछ..”

उत्तर प्रदेश के हरदोई में मंगलवार देर रात भाजपा नेता की तेज रफ्तार TUV कार ने एक ऑल्टो कार को टक्कर मार दी। हादसे में ऑल्टो सवार 4 लोग घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस को भी आरोपी भाजपा नेता और उसके बेटे की दबंगई का सामना करना पड़ा। नेता ने पुलिस को धमकी देते हुए कहा – “अभी मंत्री को फोन लगाता हूं, मुझे कोई कुछ नहीं कर सकता।”
अंतिम संस्कार से लौट रहे थे ऑल्टो सवार
हसनापुर निवासी मोहित अपने परिवार के साथ जलालाबाद से अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे। रात करीब 11 बजे पाली क्षेत्र के रूपापुर के पास उनकी ऑल्टो कार को भाजपा का झंडा लगी TUV (UP 27 AS 7242) ने जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में मोहित समेत दुर्गेश कुमार, गुरुप्रसाद और चन्दन घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
टक्कर के बाद शुरू हुआ हंगामा
एक्सीडेंट के तुरंत बाद मौके पर पुलिस पहुंची। लेकिन गलती मानने के बजाय कार चला रहे अमन मिश्रा और उनके पिता सुभाष मिश्रा (भाजपा मंडल अध्यक्ष) पुलिस से ही भिड़ गए। उन्होंने पुलिसवालों से धक्का-मुक्की की और कहा – “मैं चार बार मंडल अध्यक्ष रहा हूं, मंत्री रजनी तिवारी का करीबी हूं। ये भाजपा सरकार है, मुझे कुछ नहीं होगा।”
मंत्री को फोन लगाने की धमकी
गवाहों के अनुसार, जब पुलिस ने नेता और उनके बेटे को थाने चलने के लिए कहा तो सुभाष मिश्रा भड़क उठे। उन्होंने अपने सहयोगी से कहा – “फोन मिलाओ मंत्री जी को, अभी सबको दिखाता हूं।”
पुलिस ने जब तर्क दिया कि हादसे में लोग घायल हुए हैं, तो भाजपा नेता ने तंज कसते हुए कहा – “जिनका मर्डर हुआ उन्हें तो आपने घर भेज दिया, मैं उन्हें भी जेल भिजवा दूंगा।”
आधे घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने जबरन आरोपी पिता-पुत्र को जीप में बैठाने की कोशिश की तो दोनों ने विरोध किया। करीब आधे घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा। इसके बाद दोनों अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए।
शराब के नशे में था ड्राइवर
घायल मोहित कुमार ने आरोप लगाया कि TUV चालक अमन मिश्रा शराब के नशे में धुत था। उसकी कार की रफ्तार 100 किमी प्रति घंटा थी। हॉर्न बजाने के बावजूद उसने गाड़ी नहीं रोकी और सीधी टक्कर मार दी।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पाली थाने के प्रभारी सोमपाल गंगवार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी अमन मिश्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। वीडियो फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



