Video: ‘सपाइयों’ को गोद में उठाकर ले गई पुलिस, भाजपा MLA की बेटी बोली – “मेरी मां बीच से फाड़ देंगी”

लखनऊ, 3 सितंबर – राजधानी लखनऊ में बड़ा राजनीतिक बवाल देखने को मिला। समाजवादी पार्टी (सपा) की महिला कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक केतकी सिंह के घर का घेराव किया और हाथों में टोटियां लेकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। यह हंगामा तब शुरू हुआ जब विधायक ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पर टोटियां लौटाने को लेकर टिप्पणी की थी।
हाथों में टोटियां लेकर किया विरोध
सपा की महिला कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए “केतकी सिंह मुर्दाबाद” के नारे लगा रही थीं। महिला पुलिस मौके पर पहुंची तो कार्यकर्ताओं और पुलिसकर्मियों में नोकझोंक हो गई। करीब 45 मिनट तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को पकड़कर बस में बैठाया और उन्हें ईको गार्डन धरना स्थल ले गई।
विधायक की बेटी का बयान: “मेरी मां बीच से फाड़ देंगी”
विवाद के बीच भाजपा विधायक की नाबालिग बेटी भी सामने आईं। उन्होंने कहा –
“सपा के लोग समझते हैं कि 16 साल की लड़की को डरा लेंगे। अगर कोई मेरी तरफ उंगली भी उठाएगा तो मेरी मां उन्हें बीच से फाड़ देंगी।”
उन्होंने कहा कि सपा कार्यकर्ताओं को बलिया जाकर विरोध करना चाहिए, क्योंकि उनकी मां वहीं की विधायक हैं।
बेरोज़गारी के मारे उप्र के युवा बेचारे इतने हल्के हो गये हैं कि पुलिस उन्हें गोदी में उठाकर ले जा रही है लेकिन भाजपा याद रखे युवाओं का आक्रोश बहुत भारी पड़ेगा। pic.twitter.com/fT71GwPrdZ
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) September 3, 2025
सपा कार्यकर्ताओं का पलटवार – “विधायक को टोटी दान करने आए हैं”
सपा महिला सभा की प्रदेश उपाध्यक्ष नेहा सिंह ने कहा कि भाजपा विधायक लगातार अपमानजनक भाषा का प्रयोग कर रही हैं। उन्होंने कहा –
“अखिलेश यादव के खिलाफ रोज टोटी-टोटी बोलकर अभद्र टिप्पणी की जा रही है। इसलिए हम उन्हें टोटी दान करने आए हैं।”
साथ ही उन्होंने किसानों, युवाओं और बढ़ते अपराध पर भाजपा सरकार से जवाब मांगा।
केतकी सिंह ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप
बलिया की बांसडीह से भाजपा विधायक केतकी सिंह ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा था –
-
“अखिलेश जी, टोटियां लौटा दीजिए, फिर हिसाब मांगिए।”
-
उन्होंने समाजवादी सरकार में हुए खनन घोटाले, कुंभ मेले में गबन और टोटियों की चोरी के आरोपों का जिक्र किया।
-
कहा कि “पूरे प्रदेश की जनता देख रही है कि ये टोटी चोर कब टोटियां लौटाएंगे।”
केतकी सिंह का राजनीतिक सफर
साल 2022 में पहली बार भाजपा के टिकट पर विधायक बनीं। उन्होंने सपा नेता रामगोविंद चौधरी को 21,855 वोटों से हराया था। हालांकि, 2017 और 2012 में उन्हें रामगोविंद चौधरी से हार का सामना करना पड़ा था।



