यूपी में राजनीति में नया किस्सा! सुबह-सुबह मायावती ने योगी सरकार को बोला – ‘Thank You’

लखनऊ: राजनीति में अक्सर एक-दूसरे पर निशाना साधने वाली पार्टियों के बीच बुधवार सुबह एक अलग नज़ारा देखने को मिला। बसपा सुप्रीमो मायावती ने अप्रत्याशित रूप से उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार को धन्यवाद कहा। यह ‘थैंक यू’ कानपुर के गौतम बुद्ध पार्क में बनाए जाने वाले शिवालय पार्क के विवादित प्रस्ताव को रद्द करने पर दिया गया।
गौतम बुद्ध पार्क में प्रस्ताव बना विवाद का कारण
कानपुर नगर निगम ने हाल ही में इंदिरानगर स्थित गौतम बुद्ध पार्क में शिवालय और ज्योतिर्लिंग स्थापित करने का प्रस्ताव रखा था। इस प्रस्ताव को लेकर बसपा, सपा और आम आदमी पार्टी (AAP) समेत कई विपक्षी दलों ने कड़ा विरोध जताया। बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी इसे धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाला कदम बताया था।
मायावती ने सरकार को क्यों कहा धन्यवाद?
बुधवार सुबह मायावती ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर योगी सरकार को धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा कि विवादास्पद प्रस्ताव को रद्द करने का फैसला स्वागत योग्य है। मायावती ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी सरकार ऐसे फैसलों से बचेगी जो समाज में तनाव और टकराव की स्थिति पैदा कर सकते हैं।
कानपुर के प्रसिद्ध बुद्धा पार्क में शिवालय पार्क बनाने का यह अति-विवादित प्रस्ताव रद्द किये जाने की आज मीडिया में ख़बर छपी है, जिसका स्वागत व यूपी सरकार को इसके लिये धन्यवाद भी है। उम्मीद है कि सरकार आगे अन्यत्र कहीं भी ऐसा कोई विवाद खड़ा करने के षडयंत्र को गंभीरता से लेकर इसके…
— Mayawati (@Mayawati) September 3, 2025
विपक्षी नेताओं ने भी जताया था विरोध
इस प्रस्ताव के खिलाफ बसपा के अलावा सपा सांसद नीरज मौर्य, AAP सांसद चंद्रशेखर और कई पार्षदों ने भी आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि बुद्ध पार्क एक शांतिपूर्ण स्थल है, इसे धार्मिक विवाद का केंद्र बनाना गलत होगा। बढ़ते विरोध को देखते हुए नगर निगम ने प्रस्ताव को रद्द कर दिया।
राजनीति में नया संकेत?
मायावती का सरकार को सार्वजनिक तौर पर धन्यवाद देना राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह कदम विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच संवाद का नया संकेत हो सकता है। वहीं, बीजेपी खेमे ने इसे सरकार की संवेदनशील और संतुलित नीति करार दिया।



