Moradabad: “बिल नहीं दूंगा, विधायक का बेटा हूँ” – BJP MLC के बेटे की बार में गुंडई, मारपीट और तोड़फोड़ !

मुरादाबाद से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। भाजपा MLC गोपाल अंजन के बेटे क्षितिज अंजन पर आरोप है कि उसने अपने दोस्तों संग जन्मदिन की पार्टी के दौरान बार में हंगामा किया और स्टाफ से मारपीट की। बिल चुकाने के विवाद ने इतना तूल पकड़ा कि मामला थाने तक पहुंच गया। हालांकि, पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया है।


बार में दो घंटे तक चली पार्टी

सोमवार रात क्षितिज अंजन अपने पीए सुमित कुमार और 10-12 दोस्तों के साथ स्पाइस लाउंज बार एंड रेस्टोरेंट (दिल्ली रोड, मझोला थाना क्षेत्र) में पहुंचा। वहां करीब दो घंटे तक पार्टी चली। इस दौरान उन्होंने बीयर और चिकन समेत कई डिश ऑर्डर किए।


हुक्का की मांग पर बढ़ा विवाद

बार मैनेजर मिथुन ने बताया कि क्षितिज ने आते ही हुक्का की मांग की, लेकिन वहां हुक्का उपलब्ध नहीं था। जब स्टाफ ने मना किया तो उसने खरी-खोटी सुनाना शुरू कर दिया। पार्टी के बीच में भी उसने बार-बार हुक्का की मांग की, जिसे बार स्टाफ ने हर बार ठुकरा दिया।


10 हजार का बिल देखकर भड़का MLC का बेटा

पार्टी खत्म होने पर जब वेटर 10 हजार रुपए से ज्यादा का बिल लेकर आया तो क्षितिज और उसके पीए का पारा चढ़ गया। आरोप है कि क्षितिज ने खुद को विधायक का बेटा बताते हुए कहा-
“मैं बिल नहीं दूंगा, फूड इंस्पेक्टर को फोन करके दो मिनट में बार बंद करा दूंगा।”


मारपीट और धमकी की नौबत

बार स्टाफ ने जब उन्हें शांत कराने की कोशिश की तो आरोप है कि क्षितिज और उसके दोस्तों ने मारपीट शुरू कर दी। धक्का-मुक्की के दौरान वेटर के कपड़े तक फट गए। इसके बाद MLC के पीए सुमित कुमार ने फूड इंस्पेक्टर को फोन किया और शिकायत कर दी कि बार बिल ज्यादा वसूल रहा है।


बार संचालक ने दी तहरीर, CCTV फुटेज सौंपे

हंगामे की सूचना पर बार संचालक रोहित सूरी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी और घटना के CCTV फुटेज भी सौंपे। तहरीर में आरोप है कि क्षितिज ने स्टाफ को धमकी दी कि “सुबह 4 बजे तक तुम्हारा बार बंद हो जाएगा।”


MLC ने आरोपों को बताया गलत

इस पूरे मामले पर भाजपा MLC गोपाल अंजन ने अपने बेटे का बचाव करते हुए कहा कि क्षितिज का हाल ही में ऑपरेशन हुआ है और उसे स्टेंट पड़ा है। जन्मदिन पर वह दोस्तों संग रेस्टोरेंट गया था।
MLC का कहना है कि पार्टी का करीब 11 हजार रुपए का बिल उनके बेटे ने चुका दिया था। इसके बावजूद अनावश्यक विवाद खड़ा किया गया। उन्होंने बार संचालक से भी बात की, जिन्होंने इस मामले को खारिज कर दिया।


पुलिस ने अभी तक दर्ज नहीं किया केस

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच चल रही है। बार संचालक द्वारा दी गई तहरीर और CCTV फुटेज की जांच की जा रही है। अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है।

Related Articles

Back to top button