पूर्व विधायक के पिता की पुण्यतिथि में पहुंचे लालू यादव, ‘लौंडा डांस’ देखने रुके.. गाड़ी में बैठकर लिया मजा

भोजपुर (Bihar): शनिवार को राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव भोजपुर जिले के अगिआंव गांव पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व विधायक अरुण यादव के पिता स्व. भुनेश्वर सिंह यादव की दूसरी पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर लालू यादव का स्वागत लौंडा डांस और गोंड नृत्य से किया गया।

लालू यादव ने दी श्रद्धांजलि

लालू प्रसाद यादव ने स्व. भुनेश्वर सिंह यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और हवन-पूजन में शामिल होकर दिवंगत नेता की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि “भुनेश्वर सिंह यादव संघर्षशील और समाजवादी विचारधारा के प्रखर व्यक्तित्व थे। वे सामाजिक न्याय के सच्चे सिपाही थे।”

परंपरागत नृत्य और लौंडा डांस से हुआ स्वागत

गांव में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जिसमें किन्नरों ने बैंड-बाजों के साथ ठुमके लगाए। लालू यादव अपनी गाड़ी में बैठकर लौंडा डांस का आनंद लेते नजर आए। लालू के स्वागत में परंपरागत गोंड नृत्य भी प्रस्तुत किया गया।

लालू की एक झलक पाने उमड़ी भीड़

कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और ग्रामीण मौजूद रहे। लालू यादव के गांव पहुंचते ही लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए।

पहले भी कर चुके हैं लौंडा डांस का आनंद

यह पहली बार नहीं है जब लालू यादव लौंडा डांस का आनंद ले रहे हों। 19 सितंबर 2023 को राबड़ी आवास पर भी एक सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ था, जिसमें लालू यादव अपने बड़े बेटे तेजप्रताप यादव और वरिष्ठ नेताओं शिवानंद तिवारी व उदय नारायण चौधरी के साथ लौंडा डांस का मज़ा लेते दिखे थे।

लालू का पुराना शौक

लालू प्रसाद यादव अपने राजनीतिक जीवन में भी ऐसे आयोजनों के लिए जाने जाते रहे हैं। मुख्यमंत्री रहते हुए वे अक्सर लौंडा नाच का आयोजन कराते थे। बीमारी से उबरने के बाद अब लालू यादव फिर से पुराने अंदाज में लौटते नजर आ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button