यूपी का ‘सबसे बड़ा गैंगस्टर’ गिरफ्तार! गजनी की तरह न भूले, इसलिए सीने पर ही लिखवा लिया – “Gangster UP”

गोरखपुर जीआरपी ने 11 अगस्त को ट्रेन में लूट के मामले में फरार चल रहे 22 वर्षीय शातिर लुटेरे गोविंद गौड़ उर्फ रुद्रा को छावनी रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। रुद्रा के सीने पर “गैंगस्टर यूपी” का टैटू देखकर पुलिस भी चौंक गई। पूछताछ में उसने बताया कि वह गजनी फिल्म की तरह अपने सपने को भूल न जाए, इसलिए यह टैटू गुदवाया है। उसका कहना था कि एक दिन वह जिले ही नहीं बल्कि पूरे प्रदेश का सबसे बड़ा गैंगस्टर बनेगा।

चार बार जा चुका है जेल, सात लूट के केस दर्ज

रुद्रा पहले भी चार बार जेल जा चुका है और उसके खिलाफ लूट के 7 केस विभिन्न थानों में दर्ज हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले गोरखपुर जीआरपी के पास दर्ज हैं। वह संत कबीरनगर जिले के मेहदावल थाना क्षेत्र के बेलौली गांव का रहने वाला है, लेकिन वहां अपराध नहीं करता था। वह जिले से बाहर, खासकर गोरखपुर में वारदात को अंजाम देता था।

ट्रेन में डंडा मारकर लूट करता था गैंग

जीआरपी सीओ विनोद कुमार सिंह ने बताया कि हाल के दिनों में ट्रेनों में यात्रियों से डंडा मारकर मोबाइल और पर्स छीनने की घटनाएं बढ़ गई थीं। इस पर रोक लगाने के लिए एक स्पेशल टीम बनाई गई। जांच में रुद्रा का नाम सामने आया। वह अपने गिरोह के साथ स्टेशन के आउटर पर खिड़की के पास बैठे यात्रियों को निशाना बनाता था। डंडा मारकर उनका मोबाइल छीन लेता और बाद में उसे बेच देता था।

छावनी रेलवे स्टेशन पर दबोचा गया

11 अगस्त को जीआरपी को मुखबिर से सूचना मिली कि रुद्रा लूट की योजना बनाने छावनी रेलवे स्टेशन आया है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की और शाम के समय उसे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से चोरी के 3 मोबाइल फोन और एक तमंचा बरामद हुआ।

मोहद्दीपुर में बनाया था ठिकाना

रुद्रा ने गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र के मोहद्दीपुर इलाके में अपना ठिकाना बनाया हुआ था। वह यहां अपनी मां के साथ किराए के मकान में रहता था। इसी जगह से उसने अपनी गैंग बनाई, जिसका नाम “गैंगस्टर गैंग” रखा। गैंग में तीन और बदमाश शामिल हैं, जिनकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

कृषि करने वाला भाई, अपराध की राह पर चला रुद्रा

रुद्रा का भाई संत कबीरनगर में खेती-किसानी करता है, लेकिन रुद्रा ने छोटी उम्र से ही अपराध की दुनिया में कदम रख दिया। उसका मकसद सिर्फ नाम और डर पैदा करना था, और इसी वजह से उसने अपने शरीर पर “गैंगस्टर यूपी” लिखवाकर अपराध जगत में अपनी पहचान बनाने की कोशिश की।

Related Articles

Back to top button