यूपी में बहादुर महिला ने लुटेरों को सड़क पर पटका, बोले – ‘गोली मार दूंगा’, तो तमंचा छीनकर जड़ दिए थप्पड़

झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ढकरवारा गांव में दिनदहाड़े चेन लूटने आए तीन बाइक सवार बदमाशों को एक बहादुर महिला ने अपनी हिम्मत से नाकाम कर दिया। महिला ने न सिर्फ दो बदमाशों के बाल पकड़कर उन्हें जमीन पर गिरा दिया, बल्कि एक बदमाश के हाथ से तमंचा छीनकर उसे थप्पड़ भी जड़ दिए। इस दौरान तीसरा बदमाश बाइक लेकर मौके से फरार हो गया।

पिता और ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए आरोपी

घटना बुधवार दोपहर की है, जब मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले के विजयपुर गांव निवासी किसान हरिकिशन कुशवाहा अपनी पत्नी सहुदरा और बेटी रोशनी के साथ बाइक से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे मथुपुरा ढकरवारा नहर के पास पहुंचे, वहां पहले से खड़े तीन युवकों ने उनकी बाइक रोक ली और रोशनी के गले में झपट्टा मारकर चेन लूट ली। इस दौरान बाइक फिसलने से तीनों सवार गिर गए। रोशनी ने हिम्मत दिखाते हुए भागते हुए दो बदमाशों के बाल पकड़कर उन्हें सड़क पर गिरा दिया।

तमंचा छीनकर बदमाश को थप्पड़ जड़ दिए

एक बदमाश से रोशनी की हाथापाई शुरू हो गई, तभी दूसरे ने उस पर तमंचा तानकर गोली मारने की धमकी दी। लेकिन रोशनी ने हिम्मत नहीं हारी और तमंचा छीनकर बदमाश को थप्पड़ जड़ दिए। इस दौरान उसके पिता और आसपास के ग्रामीण मौके पर आ गए। तीसरा बदमाश बाइक लेकर भाग गया, जबकि दो बदमाश ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गए।

ग्रामीणों ने पिटाई कर पुलिस को सौंपा

गुस्साए ग्रामीणों ने पकड़े गए बदमाशों की पिटाई की और पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से लूटी गई चेन और एक तमंचा बरामद हुआ है। पुलिस अब तीसरे फरार बदमाश की तलाश में जुटी है।

महिला की बहादुरी से बची बड़ी वारदात

रोशनी ने बताया कि बदमाश बार-बार उसे गोली मारने की धमकी दे रहा था और झपट्टा मारते समय उसके नाखून गले में लग गए, जिससे चोट आई है। लेकिन उसने डरने के बजाय उनका मुकाबला किया। घटना के बाद ग्रामीण उसकी बहादुरी की सराहना कर रहे हैं।

पुलिस की कार्रवाई जारी

मऊरानीपुर सीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि दो बदमाशों को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटी गई चेन और तमंचा बरामद किया गया है। तीसरे बदमाश की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button