Video: SP के पोस्टर पर ‘Ravi Kishan’, नाले में बच्ची ‘आफरीन’ के डूबने से क्या संबंध ?

गोरखपुर के अंबेडकर चौक पर बुधवार सुबह से एक पोस्टर चर्चा का विषय बना हुआ है, जिसे सपा नेता ने लगवाया है। इस पोस्टर में बीजेपी सांसद और अभिनेता रवि किशन की समोसे के साथ तस्वीर लगाई गई है और सांसद रत्न पुरस्कार मिलने पर बधाई देने के साथ उनकी कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए गए हैं। पोस्टर सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद प्रशासन ने इसे हटवा दिया।
लाल-हरे पोस्टर में समोसे वाली फोटो
यह पोस्टर मुलायम सिंह यूथ बिग्रेड गोरखपुर के जिलाध्यक्ष अविनाश तिवारी द्वारा लगवाया गया है। लाल और हरे रंग के इस पोस्टर में एक ओर अविनाश तिवारी की फोटो है, वहीं दूसरी ओर रवि किशन की हाथ में समोसा लिए तस्वीर। पोस्टर में लिखा है –
“गोरखपुर के ज्वलंत अतिगंभीर मुद्दा आलू का समोसा सदन में उठाए जाने के बाद रवि किशन को सांसद रत्न पुरस्कार से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई।”

जलजमाव और आफरीन की मौत का जिक्र
पोस्टर के निचले हिस्से में लिखा गया –
“अगर गोरखपुर में जल जमाव पर ध्यान दिया होता तो 8 वर्ष की बच्ची आफरीन की मृत्यु नहीं हुई होती।”
यह टिप्पणी शहर में हाल ही में हुई एक घटना की ओर इशारा करती है, जिसमें आठ साल की आफरीन खुले नाले में गिरकर बह गई थी और उसकी मौत हो गई थी।
रवि किशन का संसद में समोसा बयान
सांसद रवि किशन ने हाल ही में संसद में कहा था कि देशभर के होटल और ढाबों में मिलने वाले भोजन की मात्रा का मानक तय होना चाहिए। उन्होंने उदाहरण देते हुए समोसे का जिक्र किया और कहा कि मेन्यू कार्ड में कीमत के साथ मात्रा भी लिखी होनी चाहिए, ताकि ग्राहकों को स्पष्ट जानकारी मिले और भोजन की बर्बादी कम हो। साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि किस तेल या घी में खाना बना है, यह जानकारी भी दी जाए।
⚠️Trigger Warning : Sensitive Video⚠️
उत्तर प्रदेश – गोरखपुर में मदरसे से लौट रही 11 वर्षीय आफरीन खुले नाले में गिर गई। जब तक उसे बाहर निकाला, तब तक मौत हो चुकी थी।
pic.twitter.com/nTxzqo7wqL— Sachin Gupta (@Sachingupta) August 13, 2025
बच्ची की मौत का मामला
घोसीपुरा मोहल्ले के अनीश की बेटी आफरीन (8) सोमवार को मदरसे से लौटते समय खुले नाले में गिर गई थी। तेज बहाव के कारण वह करीब 100 मीटर तक बह गई। लोगों ने उसे बाहर निकालकर सीपीआर दी और अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। इसी घटना को लेकर सपा नेता ने रवि किशन पर यह तंज भरा पोस्टर लगाया।



