Video: मौत से पहले कैमरे पर खुद बताया कातिल का नाम, यूपी पुलिस के दरोगा की पिटाई से चली गई जान !

सीतापुर के सिधौली थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक युवक की कथित रूप से पुलिसकर्मी द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई। मृतक सत्यपाल (26) की मौत से पहले का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह दरोगा पर बेरहमी से पीटने का आरोप लगाता दिख रहा है। इस घटना ने इलाके में गुस्सा और तनाव पैदा कर दिया है।
दुकान के बाहर सो रहे युवक पर अचानक हमला
सिधौली के जसवंतपुर का रहने वाला सत्यपाल मंगलवार की रात अपनी दुकान के बाहर सो रहा था। रात करीब 1 बजे दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव अपने साथ 5-6 पुलिसकर्मियों के साथ गश्त पर निकले। सत्यपाल को जागाकर नाम पूछने के बाद दरोगा ने कथित रूप से उसे बेरहमी से पीटा। पीट-पीटकर युवक बेहोश हो गया और पुलिस उसे छोड़कर चली गई।
मृतक का वीडियो सामने आया
युवक के मृत्यु से पहले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में सत्यपाल कहता दिख रहा है कि, “कोतवाली की गाड़ी आई थी। उससे उतरते ही दरोगा ने मुझे पीटा। मेरा कोई कसूर नहीं है।” वीडियो में युवक अपने सीने और शरीर पर पड़े लात-घूंसों के निशान भी दिखा रहा था।
सत्यपाल की मौत सीतापुर में पुलिस की बेरहमी और यूपी सरकार की लापरवाही की शर्मनाक मिसाल है। 😡
दरोगा ने युवक को चोरी समझकर पीटा, सरकार चुप। अपराधियों को बचाने वाली यही है कानून की असली तस्वीर!#UPPolice #UPGovernment #सत्यपाल #सीतापुर #JusticeForSatyapal pic.twitter.com/MsqZWGn5yk— Vineeta Yadav (@vineetanews) August 13, 2025
परिजनों का गुस्सा, सड़क जाम और विरोध प्रदर्शन
सत्यपाल की मौत के बाद परिजन गुस्साए और बुधवार सुबह सड़क पर जाम लगा दिया। उन्होंने दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर एसपी अंकुर अग्रवाल, एडिशनल एसपी उत्तरी आलोक सिंह, सीओ सिधौली कपूर कुमार समेत दो थानों की फोर्स तैनात की गई। पुलिस ने परिवार को कार्रवाई का आश्वासन दिया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार ने साझा की दर्दनाक कहानी
सत्यपाल के भाई छोटू और चचेरे भाई अमित ने बताया कि सत्यपाल रात को दुकान के बाहर सो रहा था। दरोगा मणिकांत श्रीवास्तव ने उसे गाड़ी से उतरते ही पीटना शुरू कर दिया और उसे करीब 10 फीट की ऊंचाई से फेंक दिया। घायल अवस्था में सत्यपाल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
चचेरे भाई अमित ने कहा, “दरोगा साहब बिना पूछताछ किए सीधे मारने लगे। भाई को पत्थर पर गिराया और फिर 7 फीट नीचे फेंक दिया।”
पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की
अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी दुर्गेश सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोग भी मांग कर रहे हैं कि पुलिस मामले में कार्रवाई से पहले पूरी जांच करे।



