Udaipur Files 4500 स्क्रीन पर हुई रिलीज, कन्हैयालाल के लिए सीट रिज़र्व.. बेटे तस्वीर लेकर पहुंचे, माँ नहीं आईं

उदयपुर। कन्हैयालाल हत्याकांड पर आधारित फिल्म ‘उदयपुर फाइल्स’ शुक्रवार को देशभर के 4500 स्क्रीन पर रिलीज हो गई। फिल्म के पहले शो के दौरान कन्हैयालाल साहू के बेटे यश तेली और तरुण तेली उदयपुर के अरबन स्क्वायर मॉल में मौजूद रहे। इस फिल्म को लेकर देशभर में चर्चा है, क्योंकि यह न सिर्फ एक जघन्य हत्या की कहानी बयां करती है बल्कि आतंकवादी मानसिकता के खिलाफ एक सशक्त संदेश भी देती है।


बेटों ने बताया संघर्ष, मां ने फिल्म देखने से किया परहेज

यश तेली ने मीडिया से कहा कि फिल्म के रिलीज होने तक लंबा संघर्ष करना पड़ा। “फिल्म को कई जगह चैलेंज किया गया। हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक मामला पहुंचा और फिर इसका फैसला केंद्र सरकार पर छोड़ा गया। सूचना प्रसारण मंत्रालय और सरकार ने फिल्म देखकर कहा कि इसमें किसी भी समुदाय को नुकसान पहुंचाने वाली बात नहीं है, इसलिए इसे जल्द रिलीज किया जाए।”
उन्होंने बताया कि उनकी मां फिल्म देखने नहीं आईं, क्योंकि पिछली बार जब वे किसी कार्यक्रम में गई थीं, तो उन्हें काफी परेशानी हुई थी। इसलिए इस बार उन्होंने मां को साथ नहीं लाने का निर्णय लिया।


न्याय की मांग और जनता से अपील

यश ने कहा, “हमारा परिवार तीन साल से न्याय के लिए खड़ा है, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला है। देश की जनता हमारा साथ दे, ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द सजा मिल सके।”
उन्होंने आगे बताया कि फिल्म में दिखाया गया है कि आतंकवादी मानसिकता वाले लोगों ने किस तरह उनके पिता की हत्या को अंजाम दिया। यश ने सभी से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा कि यह घटना देश के लिए एक सबक है।


पहले शो में रही कड़ी सुरक्षा

अरबन स्क्वायर मॉल में फिल्म का पहला शो शुरू होते ही पुलिस ने पूरे मॉल की जांच की। फिल्म देखने आ रहे हर दर्शक के डॉक्यूमेंट की जांच की गई। उदयपुर SP योगेश गोयल, ASP उमेश ओझा और सुखेर CI रवींद्र सिंह चारण समेत आला अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।


कन्हैयालाल के लिए आरक्षित सीट

फिल्म के पहले शो में एक भावुक पल तब आया जब सिनेमाघर में कन्हैयालाल के लिए भी एक सीट आरक्षित की गई। उनके दोनों बेटों के बीच इस सीट पर कन्हैयालाल की तस्वीर रखी गई थी।


फिल्म की टीम और मुख्य कलाकार

‘उदयपुर फाइल्स’ का निर्देशन भरत एस. श्रीनाते ने किया है और निर्माता अमित जानी हैं। फिल्म में कन्हैयालाल का किरदार बॉलीवुड एक्टर विजय राज ने निभाया है, जबकि रजनीश दुग्गल और प्रीति झांगियानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का पहला शो अरबन स्क्वायर मॉल में हुआ, जबकि सेलिब्रेशन मॉल में शाम 6:05 बजे और लेकसिटी मॉल में शाम 7:35 बजे से शो शुरू होगा।

Related Articles

Back to top button