‘हिन्दू युवा वाहिनी’ के नेता ने LLB छात्रा को किया बेहोश, फिर दरिंदगी.. लड़की के समर्थन में गोरक्षक-बजरंग दल

गाजियाबाद में एक LLB छात्रा ने हिंदू युवा वाहिनी के मुरादनगर नगर अध्यक्ष पर दुष्कर्म का गंभीर आरोप लगाया है। छात्रा का कहना है कि आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे वकील से मिलाने के बहाने बुलाया और नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया। मामले में देर रात पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है, जबकि कई संगठन पीड़िता के समर्थन में सामने आए हैं।
2021 में हुई थी जान-पहचान
पीड़िता मेरठ के एक कॉलेज से LLB की पढ़ाई कर रही है। उसके मुताबिक, वर्ष 2021 में उसकी पहचान हिंदू युवा वाहिनी के मुरादनगर नगर अध्यक्ष सुशील प्रजापति से हुई थी। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और आरोपी ने उससे शादी करने की बात कही।
नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म का आरोप
छात्रा के मुताबिक, गुरुवार रात आरोपी उसे यह कहकर मुरादनगर की एक सोसायटी में ले गया कि वह शादी की प्रक्रिया के लिए उसे वकील से मिलवाएगा। वहां आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाया और उसके बाद दुष्कर्म किया। होश आने पर छात्रा सीधे रात करीब 11 बजे मुरादनगर थाने पहुंची और पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
थाने में हंगामा, संगठनों का समर्थन
पीड़िता के समर्थन में गोरक्षक दल और बजरंग दल के कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए। उन्होंने रिपोर्ट दर्ज करने की मांग को लेकर हंगामा किया और आरोप लगाया कि छात्रा पर रिपोर्ट न कराने का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस ने देर रात मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस की कार्रवाई और संगठन का रुख
एसीपी मुरादनगर ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदू युवा वाहिनी के जिला अध्यक्ष आयुष त्यागी काकड़ा ने कहा कि संगठन ऐसे किसी भी व्यक्ति का समर्थन नहीं करता जो बहन-बेटियों की इज्जत के साथ खिलवाड़ करे।



