बड़ी खबर: दरोगा ने shadi.com से ढूंढी लड़की, फिर कई बार रेप.. रेलवे में कार्यरत है पीड़ित युवती

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक युवती ने संभल में तैनात उप-निरीक्षक (दरोगा) अमरदीप पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित युवती रेलवे विभाग में कार्यरत है और उसकी शिकायत पर गोरखपुर के शाहपुर थाने में केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
शादी डॉट कॉम से शुरू हुई थी बातचीत
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह परिवार की जिम्मेदारियों के चलते विवाह के लिए ऑनलाइन मंच “शादी डॉट कॉम” पर सक्रिय थी, जहां उसकी बातचीत दरोगा अमरदीप से हुई। बातचीत के दौरान दरोगा ने भरोसा दिलाया और जल्द ही विवाह की बात को आगे बढ़ाने की सहमति दी।
गोरखपुर में पहली मुलाकात, होटल में बनाया संबंध
युवती के अनुसार, 17 अगस्त 2024 को अमरदीप गोरखपुर आया और उसकी मां से मुलाकात की। इसके बाद वह घूमने के बहाने युवती को मोहद्दीपुर स्थित एक होटल में ले गया, जहां तीन दिन तक उसने शारीरिक संबंध बनाए। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका, बल्कि कई बार दोहराया गया।
संभल बुलाकर चार दिन तक रखा साथ
पीड़िता ने यह भी बताया कि 21 सितंबर 2024 को दरोगा ने उसे संभल बुलाया और अपने आवास पर चार दिन तक रखा, जहां उसने बार-बार शारीरिक संबंध बनाए। 24 नवंबर को अमरदीप के पिता ने युवती के घर आकर उसकी नौकरी, वेतन आदि की जानकारी ली और जनवरी 2025 में विवाह का आश्वासन दिया।
दहेज में 20 लाख की मांग और रिश्ता तोड़ने का आरोप
आरोप है कि युवती की मां द्वारा 20 लाख रुपये देने में असमर्थता जताने पर अमरदीप और उसके परिवार वालों ने लड़की के चरित्र पर सवाल उठाते हुए शादी से इनकार कर दिया। पीड़िता का कहना है कि यह पूरा मामला दहेज की मांग और यौन शोषण की साजिश थी।
संभल पुलिस अधीक्षक से की थी शिकायत
युवती ने 8 जनवरी 2025 को संभल पुलिस अधीक्षक से मिलकर शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद मामले को महिला थाना के मीडिएशन सेंटर में भेजा गया। लेकिन वहां से भी जब कोई समाधान नहीं निकला, तो पीड़िता ने आखिरकार शाहपुर थाने में केस दर्ज कराया।
पुलिस जांच में जुटी, साक्ष्यों के आधार पर होगी कार्रवाई
एसपी सिटी अभिनव त्यागी ने बताया कि युवती की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि साक्ष्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।



