48 घंटे में 4 मौतें, मिलावटी दूध बना वजह? आंध्र प्रदेश के राजमुंदरी में हड़कंप

48 घंटे में 4 बुजुर्गों की मौत से मचा हड़कंप मिलावटी दूध पीने का संदेह, 12 लोग अस्पताल में भर्ती सीएम नायडू की इमरजेंसी बैठक, डेयरी यूनिट सील

आंध्र प्रदेश के पूर्वी गोदावरी जिले के राजमुंदरी इलाके से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पिछले 48 घंटों में किडनी से जुड़ी गंभीर बीमारी के चलते 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य लोग अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती हैं। सभी पीड़ितों की उम्र 65 साल से अधिक बताई जा रही है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है।

 

मिलावटी दूध पीने के बाद बिगड़ी तबीयत

जांच में सामने आया है कि सभी प्रभावित लोगों ने एक ही वेंडर से सप्लाई हुआ दूध इस्तेमाल किया था। आशंका जताई जा रही है कि यह दूध मिलावटी था। दूध पीने के कुछ समय बाद ही लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी और देखते ही देखते 4 बुजुर्गों की जान चली गई। कई मरीजों का इलाज अभी जारी है और उनकी हालत पर नजर रखी जा रही है।

 

दूध विक्रेता हिरासत में, डेयरी यूनिट सील

जांच कर रही टीम ने कोरुकोंडा मंडल के नरसापुरम गांव से एक दूध विक्रेता को हिरासत में लिया है। उसकी अवैध रूप से चल रही डेयरी यूनिट को भी सील कर दिया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, इस वेंडर से दूध लेने वाले 105 परिवारों की पहचान की गई है, जिनमें से 75 परिवारों के सैंपल लिए जा चुके हैं। दूध और अन्य सामग्री की जांच लैब में कराई जा रही है।

 

पहले पानी की जांच, फिर दूध पर शक

शुरुआत में प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में पानी के सैंपल की जांच कराई, लेकिन रिपोर्ट सामान्य आई। इसके बाद जांच का फोकस बदला गया। जब पीड़ित परिवारों की जानकारी खंगाली गई तो पता चला कि सभी ने एक ही सप्लायर का दूध इस्तेमाल किया था। इसके बाद मिलावटी दूध की आशंका मजबूत हुई।

 

सीएम नायडू ने की आपात बैठक

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अधिकारियों के साथ इमरजेंसी रिव्यू मीटिंग की। उन्होंने पीड़ितों के बेहतर इलाज और दोषियों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। विजयवाड़ा से स्पेशल मेडिकल टीमें भी राजमुंदरी भेजी गई हैं। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और प्रशासन लोगों से अपील कर रहा है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की स्वास्थ्य समस्या होने पर तुरंत अस्पताल संपर्क करें।

Related Articles

Back to top button