2047 के विजन के साथ 2026 में प्रवेश: सीएम रेखा गुप्ता ने गिनाईं दिल्ली सरकार की उपलब्धियां
नए साल पर CM रेखा गुप्ता का बड़ा संदेश, 2047 के विजन के साथ आगे बढ़ेगी दिल्ली शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और गरीब कल्याण को लेकर सरकार के अहम फैसले 2026 तक कूड़े के पहाड़ खत्म करने और दिल्ली को स्वच्छ बनाने का दावा

Delhi: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नए साल के मौके पर राजधानी की जनता को शुभकामनाएं देते हुए कहा है कि दिल्ली सरकार 2047 के विजन के साथ वर्ष 2026 में प्रवेश कर रही है। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2025 दिल्ली के लिए तैयारी का साल रहा, जबकि 2026 में विकास कार्यों को नई गति दी जाएगी।
सीएम रेखा गुप्ता ने गिनाईं 2025 की उपलब्धियां
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बीते साल में सरकार को नई जिम्मेदारियां और कई चुनौतियां मिलीं, लेकिन इन्हीं चुनौतियों के बीच दिल्ली के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित कई फैसले लिए गए। उन्होंने बताया कि दिल्ली में नया शिक्षा विधेयक लाया गया, ताकि अभिभावकों को स्कूलों की भारी फीस से राहत मिल सके। इसके साथ ही आयुष्मान योजना के तहत 10 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज दिल्लीवासियों के लिए उपलब्ध कराया गया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और गरीब कल्याण पर जोर
सीएम रेखा गुप्ता ने अटल कैंटीन योजना का भी जिक्र किया, जहां सिर्फ 5 रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह योजना खासतौर पर गरीब श्रमिकों और जरूरतमंद लोगों के बीच काफी लोकप्रिय हुई है। इसके अलावा दिल्ली के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई अहम परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है और इज ऑफ डूइंग बिजनेस को बेहतर बनाने की दिशा में भी ठोस कदम उठाए गए हैं।
पर्यावरण और एयर क्वालिटी पर सरकार के कदम
मुख्यमंत्री ने दिल्ली की खराब एयर क्वालिटी पर बोलते हुए कहा कि पर्यावरण को लेकर सरकार ने गंभीर प्रयास किए हैं। उन्होंने बताया कि दिल्ली में पराली जलाने की समस्या को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है और शहर में पहला बायोगैस संयंत्र भी स्थापित किया गया है। साथ ही सड़कों की एंड-टू-एंड कारपेटिंग, नई सफाई मशीनों का इस्तेमाल और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत किया गया है।
आने वाली पर्यावरणीय योजनाएं
पर्यावरण से जुड़े मुद्दों पर आगे की योजनाओं का जिक्र करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि यह सभी प्रयास सिर्फ शुरुआत हैं। आने वाले समय में दिल्ली में और बायोगैस प्लांट लगाए जाएंगे, ई-कचरे के निपटारे के लिए अलग प्लांट स्थापित किया जाएगा, जिसकी प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
2026 तक कूड़े के पहाड़ खत्म करने का दावा
दिल्ली में कचरे के पहाड़ों को लेकर मुख्यमंत्री ने बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि राजधानी के अलग-अलग इलाकों में बने कूड़े के पहाड़ों को हटाना सरकार की प्राथमिकता है और वर्ष 2026 तक दिल्ली के कूड़े के पहाड़ पूरी तरह खत्म कर दिए जाएंगे। अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में कई विरासती समस्याएं हैं, जिनका समाधान मिलकर किया जाएगा। उन्होंने जनता से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि 2047 के विजन के साथ दिल्ली को एक बेहतर, स्वच्छ और विकसित शहर बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी दिल्लीवासियों को नए साल की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 2026 उनके जीवन में नई उम्मीद, नई ऊर्जा और नई खुशियां लेकर आए।



