10 मिनट डिलीवरी पर लगी रोक, राघव चड्ढा ने कहा गिग वर्कर्स की सुरक्षा की जीत
केंद्र सरकार ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की 10 मिनट डिलीवरी ब्रांडिंग पर लगाई रोक राघव चड्ढा ने फैसले का किया स्वागत, बताया गिग वर्कर्स के लिए राहत डिलीवरी राइडर्स की सुरक्षा और सड़क हादसों पर लगाम की कोशिश
केंद्र सरकार ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स की 10 मिनट में डिलीवरी व्यवस्था पर रोक लगा दी है। इसके बाद अब Blinkit, Zepto, Swiggy, Zomato, Flipkart और Amazon जैसे प्लेटफॉर्म 10 मिनट में डिलीवरी का दावा नहीं कर पाएंगे। सरकार के इस फैसले का आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा ने खुलकर स्वागत किया है। उन्होंने इसे गिग वर्कर्स और आम लोगों की सुरक्षा से जुड़ी बड़ी जीत बताया। केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने क्विक कॉमर्स कंपनियों के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया। बैठक में 10 मिनट की सख्त डिलीवरी टाइमलाइन और उससे जुड़ी ब्रांडिंग हटाने की सलाह दी गई। Blinkit, Zepto, Swiggy और Zomato समेत सभी प्रमुख कंपनियों ने सरकार को भरोसा दिलाया कि वे इस पर सहयोग करेंगी।
राघव चड्ढा ने केंद्र सरकार का किया धन्यवाद
AAP सांसद राघव चड्ढा ने इस फैसले को समय पर उठाया गया मानवीय कदम बताया। उन्होंने अपने X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर लिखा कि वह केंद्र सरकार के आभारी हैं, जिसने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स से “10 मिनट डिलीवरी” की ब्रांडिंग हटाने का फैसला लिया। राघव चड्ढा ने कहा कि जब डिलीवरी पार्टनर्स की टी-शर्ट, जैकेट या बैग पर “10 मिनट” लिखा होता है और ग्राहक की स्क्रीन पर लगातार टाइमर चलता रहता है, तो राइडर्स पर भारी और खतरनाक दबाव बनता है। यह फैसला डिलीवरी राइडर्स के साथ-साथ सड़कों पर चलने वाले आम लोगों की सुरक्षा के लिए भी बेहद जरूरी था।
गिग वर्कर्स के लिए बड़ी राहत
राघव चड्ढा ने कहा कि बीते कुछ महीनों में उन्होंने सैकड़ों डिलीवरी पार्टनर्स से बातचीत की है। कई राइडर्स ने बताया कि वे जरूरत से ज्यादा काम करते हैं, उन्हें कम पैसे मिलते हैं और अवास्तविक डिलीवरी वादों को पूरा करने के लिए अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के इस फैसले से न सिर्फ राइडर्स बल्कि आम नागरिकों की सड़क सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। राघव चड्ढा ने उन सभी नागरिकों का धन्यवाद किया, जिन्होंने मानव जीवन, सुरक्षा और सम्मान के पक्ष में आवाज उठाई। उन्होंने गिग वर्कर्स से कहा: “आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।”
Blinkit के डिलीवरी बॉय बनकर सड़क पर उतरे थे राघव चड्ढा
इस फैसले से एक दिन पहले राघव चड्ढा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह Blinkit के डिलीवरी बॉय की यूनिफॉर्म पहनकर स्कूटी से डिलीवरी करते नजर आए। दरअसल, राघव चड्ढा ने डिलीवरी पार्टनर्स की परेशानी को खुद समझने के लिए यह कदम उठाया था। उन्होंने आम डिलीवरी बॉय की तरह लोगों तक सामान पहुंचाया और उनकी रोजमर्रा की चुनौतियों को करीब से देखा।



