हरदोई में शादी में डीजे बंद करने पर बवाल, दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता की गोली मारकर हत्या की
बारात में डीजे बंद होने पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को गोली मारकर मौत के घाट उतारा। शादी का घर मातम में बदला, दुल्हन मंडप में इंतजार करती रह गई।

उत्तर प्रदेश के हरदोई में बारात के दौरान डीजे बंद करने को लेकर बड़ा विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दूल्हे के बहनोई ने डीजे संचालक के पिता को गोली मार दी। बाज़ार में खुशियों के बीच अचानक फैली इस वारदात ने शादी वाले घर को मातम में बदल दिया। घटना अतरौली थाना क्षेत्र के शाहपुरा गांव की है। टीकाराम की बेटी की शादी लखनऊ के जेहटा निवासी विकास से तय थी। रात में बारात घर पहुंच चुकी थी और बरगदी गांव निवासी अमित पुत्तीलाल का डीजे लगा हुआ था। करीब रात 12 बजे अमित ने डीजे बंद कर दिया, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया।
झगड़ा और बढ़ा, फिर चली गोली
डीजे बंद होने पर दूल्हे का बहनोई आकाश गौतम और उसका भाई अखिलेश मौके पर पहुंचे और दोबारा डीजे बजाने की मांग करने लगे। अमित के मना करने पर दोनों ने उसके साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। झगड़ा बढ़ता देख अमित ने अपने पिता पुत्तीलाल और बड़े भाई आशीष को बुलाया। समझाने के दौरान आकाश गौतम ने धमकाते हुए खुद को लखनऊ का प्रॉपर्टी डीलर और ‘अध्यक्ष’ बताया। इसी बीच फिर से तकरार बढ़ी और अखिलेश के उकसाने पर आकाश ने कमर से तमंचा निकालकर पुत्तीलाल को गोली मार दी। गोली लगते ही वह जमीन पर गिर पड़े और आरोपी मौके से फरार हो गए।
अस्पताल ले जाते समय मौत, बारात वापस लौटी
परिजन घायल पुत्तीलाल को पहले सीएचसी और फिर लखनऊ ले गए, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद बाराती अपनी–अपनी जगह लौट गए। मौके पर सन्नाटा पसर गया और मंडप पूरी तरह सूना पड़ गया।
पुलिस सक्रिय, दो नामजद के खिलाफ केस दर्ज
सूचना पर एसपी अशोक कुमार मीणा, एएसपी पूर्वी और सीओ संडीला पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और निरीक्षण किया। मृतक के बेटे अमित की तहरीर पर आकाश और अखिलेश गौतम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि दोनों की गिरफ्तारी के लिए टीमों का गठन किया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।
दुल्हन मंडप में बैठी रह गई, दूल्हा थाने में
घटना के समय जयमाल हो चुका था, लेकिन भवरें नहीं पड़ पाए। दूल्हा और उसका परिवार थाने में बैठा है, जबकि दुल्हन घर पर इंतजार कर रही है। जहां कुछ घंटे पहले शहनाई बज रही थी, वहीं अब मातम पसरा हुआ है।



