संसद परिसर में राहुल गांधी–रवनीत बिट्टू आमने-सामने, तीखी बहस से गरमाई सियासत

राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को कहा “गद्दार”, हाथ मिलाने की भी की पेशकश बिट्टू का पलटवार, राहुल गांधी को बताया “देश का दुश्मन”, हाथ मिलाने से किया इनकार भारत-अमेरिका व्यापार समझौते और सांसदों के निलंबन पर कांग्रेस का संसद परिसर में प्रदर्शन

नई दिल्ली: संसद परिसर में बुधवार को उस वक्त सियासी माहौल गर्म हो गया, जब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली। दोनों नेताओं के बीच यह बहस इतनी बढ़ गई कि एक-दूसरे पर सीधे आरोप तक लगाए गए।

 

राहुल गांधी ने बिट्टू को बताया ‘गद्दार’

जानकारी के मुताबिक, जब केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू मकर द्वार के पास कांग्रेस सांसदों के विरोध प्रदर्शन के दौरान वहां से गुजर रहे थे, तभी राहुल गांधी ने उन पर तंज कसते हुए कहा, “देखो, एक गद्दार यहीं से गुजर रहा है, इसका चेहरा देखो…”। इतना ही नहीं, राहुल गांधी ने बिट्टू से हाथ मिलाने की पेशकश करते हुए कहा, “नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस कांग्रेस में आ जाओगे।” गौरतलब है कि रवनीत सिंह बिट्टू पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं में शामिल रहे हैं। बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थामा और वर्तमान में केंद्र सरकार में मंत्री हैं।

 

रवनीत बिट्टू का पलटवार, हाथ मिलाने से किया इनकार

राहुल गांधी के बयान पर केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने राहुल गांधी को “देश के दुश्मन” कहकर संबोधित किया और उनसे हाथ मिलाने से साफ इनकार कर दिया। बिट्टू ने कहा कि वह ऐसे लोगों से किसी भी तरह का संबंध नहीं रखते, जिन्हें वह देश के खिलाफ मानते हैं। इसके बाद दोनों नेताओं के बीच कुछ देर तक तीखी बहस होती रही और फिर दोनों अपनी-अपनी दिशा में आगे बढ़ गए।

 

भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन

इससे पहले कांग्रेस सांसदों ने भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर संसद की सीढ़ियों पर विरोध प्रदर्शन किया। सांसदों के हाथों में ‘PM समझौता कर चुके हैं’ लिखे पोस्टर थे। मंगलवार को राहुल गांधी ने मीडिया से बातचीत में आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर पहले ही समझौता कर चुके हैं।

 

आठ विपक्षी सांसद निलंबित

अनुशासनहीन व्यवहार के आरोप में कांग्रेस के सात और CPI-M के एक सांसद समेत कुल आठ विपक्षी सदस्यों को बजट सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित कर दिया गया। निलंबित सांसदों में गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, डीन कुरियाकोस, अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, बी. मणिक्कम टैगोर, डॉ. प्रशांत यादवराव पाडोले, चमाला किरण कुमार रेड्डी और एस. वेंकटेशन शामिल हैं। इन सभी सांसदों ने संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन जारी रखा।

Related Articles

Back to top button