लखनऊ में गैस सिलेंडर कालाबाजारी का आरोप, सपा नेता सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट से 88 सिलेंडर बरामद
लखनऊ में गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी का मामला सामने आया। सपा नेता सोनू कनौजिया के रिसॉर्ट पर छापेमारी में 88 सिलेंडर बरामद। पुलिस ने पत्नी समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया।

लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में गैस सिलेंडर की कथित कालाबाजारी को लेकर समाजवादी पार्टी के नेता सुरेंद्र कुमार उर्फ सोनू कनौजिया के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इस केस में उनकी पत्नी मंजू कनौजिया समेत चार अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है। बताया जा रहा है कि सोनू कनौजिया मलीहाबाद इलाके से समाजवादी पार्टी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं।
रिसॉर्ट से बरामद हुए 88 गैस सिलेंडर
सोनू कनौजिया का मोहन रोड इलाके में अभिनंदन रिसॉर्ट नाम से एक रिसॉर्ट है। जिला प्रशासन और आपूर्ति विभाग को सूचना मिली थी कि यहां गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी की जा रही है।सूचना के आधार पर टीम ने रिसॉर्ट पर छापेमारी की, जहां से कुल 88 गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 74 घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो) के बताए जा रहे हैं। बरामद सिलेंडरों में से 75 खाली पाए गए।
एजेंसी के सिलेंडर होने का दावा
सोनू कनौजिया की पत्नी मंजू कनौजिया के नाम से असीम भारत गैस एजेंसी रजिस्टर्ड बताई जा रही है। इस मामले में सोनू कनौजिया का कहना है कि बरामद किए गए सिलेंडर एजेंसी के ही हैं। उनके मुताबिक एजेंसी का गोदाम रिसॉर्ट के पास ही है, लेकिन वहां जाने वाला रास्ता खराब होने की वजह से सिलेंडर अस्थायी तौर पर रिसॉर्ट में रखे गए थे।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
इस मामले में काकोरी थाने में आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर में मंजू कनौजिया, जमील अहमद, साहिल, मुन्ना, इक्तदा और सुरेंद्र कुमार कनौजिया का नाम शामिल है। छापेमारी की कार्रवाई जिला पूर्ति विभाग की टीम ने की।
गैस सिलेंडर की किल्लत के बीच बढ़ी कालाबाजारी
दरअसल, मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव की वजह से गैस की सप्लाई प्रभावित होने की खबरें सामने आ रही हैं। इसी के चलते देश के कई हिस्सों में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी के मामले भी सामने आ रहे हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए प्रशासन लगातार छापेमारी कर रहा है और सख्त कार्रवाई की बात कह रहा है। सरकार का कहना है कि गैस सिलेंडर की कालाबाजारी करने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।



