रायपुर में ब्रश करते समय दुकानदार की गर्दन की नस फटने से हड़कंप

रायपुर में मेडिकल हड़कंप: दुकानदार की गर्दन की नस फटी डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई: जटिल सर्जरी से बची जान दुनियाभर में दुर्लभ मामला: ऐसे केस केवल 10 ही दर्ज

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बेहद ही दुर्लभ और खतरनाक मेडिकल केस सामने आया है। सुबह ब्रश कर रहे एक दुकानदार की गर्दन की नस अचानक फट गई, जिससे उसकी गर्दन तेजी से सूज गई और वह बेहोश हो गया। परिजन घबरा गए और तुरंत उसे डॉ. भीमराव अंबेडकर मेमोरियल अस्पताल ले गए।

 

परिजनों को भी नहीं हुआ समझ

रायपुर निवासी दुकानदार जब रोज की तरह ब्रश कर रहा था, तभी उसे गर्दन में तेज़ दर्द और सूजन महसूस हुई। कुछ ही मिनटों में हालत इतनी बिगड़ गई कि वह बेहोश होकर गिर पड़ा। परिजन तुरंत उसे अस्पताल ले गए, क्योंकि समय पर इलाज न मिलने पर स्थिति जानलेवा हो सकती थी।

 

डॉक्टरों की त्वरित कार्रवाई से बची जान

अस्पताल में डॉक्टरों ने सीटी एंजियोग्राफी कराई। रिपोर्ट देखकर सभी डॉक्टर चौंक गए मरीज की दायीं कैरोटिड आर्टरी फट चुकी थी और वहां गुब्बारे जैसी संरचना बन गई थी। यह स्थिति बेहद खतरनाक मानी जाती है। हार्ट, चेस्ट और वैस्कुलर सर्जरी विभाग की टीम ने तुरंत ऑपरेशन शुरू किया। सर्जरी बेहद जटिल थी, लेकिन डॉक्टरों की सूझबूझ और अनुभव की वजह से मरीज की जान बचाई जा सकी। डॉक्टरों के मुताबिक, कुछ मिनट की भी देरी होती तो जान बचाना मुश्किल हो सकता था।

 

दुनिया में ऐसे केवल 10 ही मामले

डॉक्टरों का कहना है कि इस तरह के केस दुनिया में बहुत ही कम देखने को मिलते हैं। मेडिकल जर्नल्स में अब तक ऐसे केवल 10 ही मामले दर्ज हैं। यही वजह है कि रायपुर का यह केस मेडिकल साइंस के लिहाज से भी खास माना जा रहा है। डॉक्टरों की चेतावनी है कि अगर गर्दन में अचानक सूजन, तेज दर्द, चक्कर या बेहोशी जैसी स्थिति बने, तो इसे बिल्कुल नज़रअंदाज न करें। तुरंत किसी बड़े अस्पताल में दिखाएं, क्योंकि यह स्थिति जानलेवा हो सकती है।

Related Articles

Back to top button