मथुरा में भाजपा नेता दान बिहारी चौधरी पर जानलेवा हमला, देर रात चली गोलियां
नंदगांव में भाजपा नेता पर देर रात फायरिंग से सनसनी। घर में घुसकर मारपीट, एक महिला समेत तीन घायल। गाड़ियों में तोड़फोड़, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस।

Up news: मथुरा के थाना बरसाना क्षेत्र के नंदगांव में भाजपा नेता दान बिहारी चौधरी उर्फ दानो पर देर रात जानलेवा हमला कर दिया गया। हथियारों से लैस बदमाशों ने उनके घर में घुसकर फायरिंग की और जमकर तोड़फोड़ की। घटना से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। हमले में एक महिला समेत तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।
हथियारों के साथ घर में घुसे हमलावर
जानकारी के मुताबिक, हमलावर दिवाका थोक स्थित उनके घर में लाठी-डंडों और कुल्हाड़ियों के साथ पहुंचे। दान बिहारी चौधरी का आरोप है कि करीब 40 से ज्यादा लोगों ने उन पर हमला किया। हमलावरों ने महिलाओं और बच्चों तक को नहीं बख्शा। इस दौरान उनके भतीजे श्याम, उनकी पत्नी स्वदेश और कुलदीप को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया।
गाड़ियों में तोड़फोड़, इलाके में दहशत
हमलावरों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों को भी निशाना बनाया। भाजपा नेता की नई कार समेत कुल तीन वाहनों किया सेल्टोस, थार और स्विफ्ट को कुल्हाड़ियों से काटकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। दान बिहारी चौधरी बरसाना से नगर पंचायत नंदगांव अध्यक्ष पद का चुनाव भी लड़ चुके हैं और उन्हें प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण का करीबी समर्थक बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश जारी है।



