भिवंडी में डाईंग कंपनी में भीषण आग, कई दमकल गाड़ियां मौके पर
भिवंडी के सरवली एमआईडीसी क्षेत्र में लगी भीषण आग से हड़कंप मच गया। मंगल मूर्ती नीट डाईंग कंपनी में आग लगने के बाद दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका।

भिवंडी: महाराष्ट्र के भिवंडी में शुक्रवार सुबह एक डाईंग कंपनी में भीषण आग लग गई। सरवली एमआईडीसी क्षेत्र में स्थित मंगल मूर्ती नीट डाईंग कंपनी जो कपड़ों को रंगने का काम करती है, वहां यह आग सुबह करीब 9:15 बजे के आसपास लगी। घटना की सूचना मिलते ही भिवंडी, कल्याण-डोंबिवली और उल्हासनगर महानगरपालिकाओं की दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं और आग बुझाने का काम युद्धस्तर पर शुरू कर दिया गया।
आग पर काबू पाने की कोशिश जारी
फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, लेकिन भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है। मौके पर धुआं और लपटें काफी दूर तक दिखाई दे रही हैं, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है।
आपदा प्रबंधन टीम सतर्क
भिवंडी-निज़ामपुर नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख साकिब खरबे ने बताया कि दो दमकल गाड़ियां पहले ही मौके पर भेजी जा चुकी हैं, जबकि ठाणे और कल्याण से अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गई हैं। उन्होंने इस आग को “भीषण” बताया और कहा कि आग लगने के कारणों की जांच जारी है।



