भारत में लौट रहा CWG का जादू! अहमदाबाद बनेगा 2030 का मेजबान
भारत में खेलों की नई क्रांति का आगाज़ अहमदाबाद बनेगा 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स का मेजबान सौवें एडिशन की मेजबानी से देश को मिली ऐतिहासिक पहचान

भारत के लिए बड़ी खुशखबरी है! अहमदाबाद शहर को कॉमनवेल्थ गेम्स 2030 की मेजबानी का अधिकार मिल गया है। यह भारत के लिए दूसरी बार होगा जब देश में कॉमनवेल्थ गेम्स आयोजित होंगे। इससे पहले 2010 में नई दिल्ली में कॉमनवेल्थ गेम्स हुए थे, जिसमें भारतीय एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया और भारत मेडल टेबल में दूसरे स्थान पर रहा था।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट जनरल असेंबली में ऐलान
ग्लासगो में आयोजित कॉमनवेल्थ स्पोर्ट जनरल असेंबली में भारत को CWG 2030 की मेजबानी के अधिकार दिए गए। अहमदाबाद को सौवें एडिशन के होस्ट के रूप में पिछले महीने ही रिकमेंड किया गया था, जिसके बाद 74 सदस्यों वाली जनरल असेंबली में मंजूरी सिर्फ औपचारिकता रह गई। इससे दो दशक बाद भारत में इस मल्टी-स्पोर्ट इवेंट की वापसी सुनिश्चित हो गई है।
पीटी उषा हुई खुश
कॉमनवेल्थ गेम्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया की प्रेसिडेंट डॉ. पीटी उषा ने कहा कि कॉमनवेल्थ स्पोर्ट ने जो भरोसा दिखाया है, उससे हम बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। 2030 के गेम्स न केवल कॉमनवेल्थ मूवमेंट के सौ साल पूरे होने का जश्न मनाएंगे, बल्कि अगली सदी की नींव भी रखेंगे। यह इवेंट सभी देशों के एथलीटों, कम्युनिटी और कल्चर को दोस्ती और तरक्की की भावना से जोड़ने का काम करेगा।
कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के प्रेसिडेंट का बयान
डॉ. डोनाल्ड रुकारे, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट के प्रेसिडेंट, ने कहा कि यह एक नई सुनहरी शुरुआत है। ‘गेम्स रीसेट’ के बाद, हम 2026 के ग्लासगो CWG में 74 टीमों का स्वागत करने के लिए तैयार हैं, और फिर शताब्दी एडिशन के लिए अहमदाबाद 2030 पर अपनी नजरें टिकाएंगे।



