भाजपा सरकार का एक साल: दिल्ली बेहाल, जनता याद कर रही केजरीवाल
महिलाओं को नहीं मिले 2500 रुपए, प्रदूषण बढ़ा और मिडिल क्लास को धोखा गरीबों की झुग्गियां टूटी, नकली यमुना दिखाकर जनता को गुमराह किया गया नौकरियां चली गईं, स्वास्थ्य और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ठप

नई दिल्ली, 20 फरवरी 2026 आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की भाजपा सरकार के एक साल के कार्यकाल का रिपोर्ट कार्ड पेश कर उसे हर क्षेत्र में फेल बताया। पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि रेखा गुप्ता सरकार ने महिलाओं, मिडिल क्लास, युवाओं, गरीबों और पूरी दिल्ली के साथ सिर्फ फर्जीवाड़ा किया। महिलाओं को 2500 रुपए नहीं मिले, प्रदूषण बढ़ा, नकली यमुना बनाई गई और गरीबों की झुग्गियां तोड़ी गईं।
महिलाओं और मिडिल क्लास के साथ फर्जीवाड़ा
सिसोदिया ने कहा कि महिलाओं को चुनाव से पहले पीएम मोदी द्वारा दिए गए 2500 रुपए का वादा पूरा नहीं हुआ। वहीं, प्राइवेट स्कूलों ने फीस में अचानक भारी बढ़ोतरी की और अभिभावकों व बच्चों को परेशान किया। सरकार ने कानून बनाने के बावजूद स्कूलों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
सरकारी स्कूल और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ी
भाजपा सरकार ने सरकारी स्कूलों का बजट कम किया और स्पेशलाइज्ड स्कूलों का नाम बदल दिया। केजरीवाल सरकार के समय शुरू किए गए ‘हैप्पीनेस करिकुलम’ और ‘एंटरप्रेन्योरशिप करिकुलम’ को बंद कर दिया गया, जिससे बच्चों की पढ़ाई और मानसिक विकास प्रभावित हुआ।
गरीबों और अनाधिकृत कॉलोनियों के साथ धोखा
चुनाव से पहले ‘जहां झुग्गी वहीं मकान’ का वादा किया गया था, लेकिन सत्ता में आते ही झुग्गियां तोड़ी गईं और अनाधिकृत कॉलोनियों में बुलडोजर चलाए गए। लाखों लोगों को बेघर कर दिया गया और उनकी रोजी-रोटी छीन ली गई।
रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं की तबाही
भाजपा सरकार ने एक लाख से ज्यादा नौजवानों को सरकारी नौकरी से हटा दिया। बस मार्शल, डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और डेटा एंट्री ऑपरेटर बेरोजगार हुए। सरकारी अस्पतालों में मुफ्त दवाइयां और टेस्ट बंद हो गए, नए अस्पतालों का निर्माण रुका।
शहर की साफ-सफाई और सुरक्षा बेहाल
दिल्ली में कूड़े के पहाड़ बढ़े, सीवर बह रहे हैं और गंदा पानी आ रहा है। सड़कों के गड्ढों में लोग गिरकर घायल हो रहे हैं। जनवरी में 800 लोग गायब हुए, और 24 घंटे में कई हत्याएं हुईं। सरकार सुरक्षा और साफ-सफाई में पूरी तरह विफल रही।



