ब्राजीलियाई मॉडल की तस्वीर हरियाणा की वोटर लिस्ट में, राहुल गांधी ने लगाया फर्जीवाड़े का आरोप
ब्राजीलियाई मॉडल लारिसा की तस्वीर हरियाणा की वोटर लिस्ट में अलग-अलग नामों से 22 बार दिखने का दावा, राहुल गांधी बोले, 25 लाख फर्जी वोट डाले गए, मॉडल ने सोशल मीडिया पर जताई हैरानी और कहा, ‘यह तो पागलपन है!’

नई दिल्लीः हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आरोपों के बाद एक अजीब मामला सामने आया है। ब्राजीलियाई मॉडल लारिसा की तस्वीर कथित रूप से हरियाणा की मतदाता सूची में कई बार इस्तेमाल की गई है। बताया जा रहा है कि यह फोटो अलग-अलग नामों जैसे ‘स्वीटी’, ‘सीमा’ और ‘सरस्वती’ के रूप में 22 बार दिखाई दी।
राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि हरियाणा में करीब 25 लाख फर्जी वोट डाले गए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल तकनीकी गलती नहीं बल्कि एक सुनियोजित धोखाधड़ी है। गांधी ने कहा, “राज्य में कुल दो करोड़ वोटर हैं, जिनमें से 25 लाख फर्जी हैं। लगभग हर आठवां मतदाता नकली है।”
लारिसा का पहला रिएक्शन
इस खुलासे के बाद मॉडल लारिसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने पुर्तगाली भाषा में बात करते हुए इस पूरे मामले पर हैरानी जताई। उन्होंने कहा, “दोस्तों, मैं आपको एक चुटकुला सुनाने जा रही हूं। मेरी एक पुरानी तस्वीर का इस्तेमाल भारत में वोट डालने के लिए किया जा रहा है। यह बहुत पागलपन है!”
लारिसा ने बताया कि एक पत्रकार ने उनके कार्यस्थल से संपर्क किया और भारत के चुनावों में उनकी कथित भागीदारी पर टिप्पणी मांगी। उन्होंने इस स्थिति को “अविश्वसनीय और अजीब” बताते हुए कहा कि लोग उनकी तस्वीरों को लेकर आपस में बहस कर रहे हैं। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
राहुल गांधी का आरोप
राहुल गांधी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव में बड़े पैमाने पर हेराफेरी की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान 5.21 लाख संदिग्ध वोटर एंट्री मिलीं, जिनमें कई जगहों पर एक ही फोटो अलग-अलग नामों से इस्तेमाल की गई।
गांधी ने कहा कि कांग्रेस की संभावित जीत को हार में बदलने के लिए यह व्यवस्थित साजिश रची गई। उन्होंने चुनाव आयोग से इस पूरे मामले की जांच की मांग की है।
मामले पर बढ़ी सियासी गर्मी
ब्राजीलियाई मॉडल की तस्वीर के गलत इस्तेमाल का मामला अब राजनीतिक बहस का केंद्र बन गया है। सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को लेकर लगातार प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। कई यूज़र्स ने इसे भारत की चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठाने वाला मामला बताया है।



