बिहार में साइबर ठगों की नई चाल
सोशल मीडिया के जरिए पुरुषों को फंसाकर लाखों की ठगी ‘प्रेग्नेंट जॉब सर्विस’ के नाम पर रजिस्ट्रेशन और होटल खर्च का बहाना नवादा पुलिस ने दो साइबर ठगों को किया गिरफ्तार, 18 की तलाश जारी

Bihar news: फर्जी ‘प्रेग्नेंट जॉब सर्विस’ के नाम पर सैकड़ों पुरुषों से लाखों की ठगी, बिहार में साइबर ठगों ने ठगी का एक बेहद चौंकाने वाला तरीका अपनाया है। नवादा जिले में पुलिस ने ऐसे साइबर अपराधियों का पर्दाफाश किया है, जो सोशल मीडिया के जरिए पुरुषों को झांसे में लेकर उनसे लाखों रुपये ऐंठ रहे थे। ठग खुद को ‘प्रेग्नेंट जॉब सर्विस’ से जुड़ा बताकर पुरुषों को महिलाओं को गर्भवती करने के बदले मोटी रकम देने का लालच देते थे।
“बांझ महिला को प्रेग्नेंट करें और लाखों कमाएं”
ठगों का दावा था कि कई महिलाएं संतान नहीं होने के कारण परेशान हैं और वे पुरुषों को इसके बदले मोटी रकम देने को तैयार हैं। इस ऑफर को बेहद आसान और भरोसेमंद तरीके से पेश किया जाता था। जैसे ही कोई युवक झांसे में आता, उससे पहले रजिस्ट्रेशन फीस, होटल बुकिंग, मेडिकल खर्च और अन्य बहानों से पैसे मंगवा लिए जाते थे। देश के अलग-अलग राज्यों से सैकड़ों पुरुष इस ठगी का शिकार हुए। वादा पूरा होने से पहले ही ठग पीड़ितों से हजारों से लेकर लाखों रुपये तक ट्रांसफर करवा लेते थे और फिर संपर्क तोड़ देते थे।
नवादा पुलिस ने किया भंडाफोड़
हिसुआ थाना क्षेत्र में साइबर ठगी की सूचना मिलने के बाद नवादा के एसपी अभिनव धीमान के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। साइबर पुलिस की टीम ने तकनीकी सर्विलांस के आधार पर मनवां गांव स्थित एक घर में छापेमारी की, जहां से दो साइबर ठगों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजन कुमार और देवनंदन कुमार के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
18 अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, इस गिरोह में कुल 20 लोग शामिल हैं, जिनमें से 18 अभी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से ज्यादा मुश्किल पीड़ितों को ढूंढना है, क्योंकि बदनामी के डर से कई लोग शिकायत दर्ज कराने से बच रहे हैं। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि इस तरह के किसी भी लालच या संदिग्ध ऑफर से बचें और साइबर ठगी की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।



