बिहार चुनाव 2025: दूसरे चरण की वोटिंग के बाद आज आएंगे एग्जिट पोल, जानें अब तक कितने सटीक रहे हैं सर्वे
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग खत्म होते ही शाम 6 बजे से एग्जिट पोल के नतीजे आने शुरू होंगे। अब देखना ये है कि इस बार के सर्वे पुराने ट्रेंड दोहराएंगे या कोई नया राजनीतिक समीकरण गढ़ेंगे।

नई दिल्ली: बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग आज शाम 5 बजे खत्म होगी, जिसके बाद शाम 6 बजे से तमाम सर्वे एजेंसियां एग्जिट पोल (Exit Poll) के आंकड़े जारी करना शुरू करेंगी। इन रुझानों से यह अंदाज़ा लगेगा कि मतदाताओं का झुकाव किस दल की ओर रहा, एनडीए या महागठबंधन, या फिर जन सुराज पार्टी इस बार समीकरण बिगाड़ेगी?
कैसे होता है एग्जिट पोल?
एग्जिट पोल एक चुनावी सर्वेक्षण होता है, जिसमें वोटिंग के बाद पोलिंग बूथ से बाहर निकलते हुए मतदाताओं से पूछा जाता है कि उन्होंने किसे वोट दिया। विभिन्न इलाकों और बूथों से सैंपल लेकर डेटा तैयार किया जाता है और फिर उसका विश्लेषण कर रुझान जारी किए जाते हैं। हालांकि, कई बार ये अनुमान सटीक साबित होते हैं, लेकिन कई बार नतीजे पूरी तरह उलट भी जाते हैं।
बिहार चुनाव 2015 में क्या बोले थे एग्जिट पोल
2015 में महागठबंधन (जेडीयू-राजद-कांग्रेस) मजबूत स्थिति में था। एनडीए (बीजेपी, एलजेपी, हम, रालोसपा) के मुकाबले अधिकांश एजेंसियों ने कांटे की टक्कर दिखाई थी। हालांकि, टुडेज़ चाणक्य ने लगभग सटीक अनुमान लगाते हुए महागठबंधन की जीत का संकेत दिया था। बाकी एजेंसियों ने एनडीए को भी 100 से ज्यादा सीटें मिलने का अनुमान दिया था, मगर नतीजे इसके उलट निकले।
2020 के एग्जिट पोल और नतीजों में कितना फर्क रहा
2020 में तस्वीर और दिलचस्प रही। इस बार नीतीश कुमार एनडीए में लौट चुके थे, और एनडीए में बीजेपी, जेडीयू, वीआईपी और हम शामिल थे। वहीं, महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टियां थीं। अधिकांश एग्जिट पोल्स ने महागठबंधन को बढ़त दिखाई, जबकि टुडेज़ चाणक्य और टाइम्स नेटवर्क ने एनडीए को आगे बताया। नतीजों में भी यही हुआ, मामूली अंतर से एनडीए ने सरकार बना ली।
आज के एग्जिट पोल पर सबकी नजर
अब देखना दिलचस्प होगा कि 2025 के बिहार चुनाव में आज आने वाले एग्जिट पोल किस ओर झुकाव दिखाते हैं क्या इतिहास दोहराया जाएगा, या इस बार फिर कोई बड़ा पॉलिटिकल ट्विस्ट देखने को मिलेगा?



