फतेहपुर में फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर का भंडाफोड़, शादी के नाम पर चल रही ठगी का खुलासा

शादी के नाम पर ऑनलाइन ठगी का बड़ा खुलासा फर्जी कॉल सेंटर से सैकड़ों लोगों को बनाया शिकार 144 सिम कार्ड के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार

फतेहपुर में साइबर क्राइम पुलिस ने एक बड़े फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश किया है, जो शादी कराने के नाम पर लोगों से ठगी कर रहा था। यह गिरोह मैट्रिमोनियल साइट्स की आड़ में काम कर रहा था और देशभर के लोगों को निशाना बना रहा था। पुलिस ने इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 3 युवतियां भी शामिल हैं। इनके पास से भारी मात्रा में मोबाइल फोन, 144 सिम कार्ड, लैपटॉप और कंप्यूटर बरामद किए गए हैं, जिससे इस नेटवर्क के बड़े स्तर पर संचालित होने का अंदाजा लगाया जा रहा है।

 

शादी का झांसा देकर ऐसे करते थे ठगी

जांच में सामने आया कि यह गिरोह “uniquerishtey.com” नाम की वेबसाइट के जरिए शादी के इच्छुक लोगों का डेटा जुटाता था। इसके बाद कॉल सेंटर से कॉल कर अलग-अलग शादी पैकेज ऑफर किए जाते थे। आरोपी क्यूआर कोड के जरिए 2,999 से लेकर 19,999 रुपये तक वसूलते थे और व्हाट्सऐप पर फर्जी प्रोफाइल भेजकर लोगों को भरोसे में लेते थे।

 

पैसे मिलते ही कर देते थे संपर्क खत्म

जैसे ही पीड़ित पैसे ट्रांसफर करता था, आरोपी उससे संपर्क तोड़ देते थे। यह पूरा खेल पिछले करीब 18 महीनों से चल रहा था और सैकड़ों लोग इसका शिकार हो चुके हैं। पुलिस के अनुसार, इस गिरोह के खिलाफ छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और दिल्ली समेत कई राज्यों में 17 से ज्यादा मामले दर्ज हैं।

 

मास्टरमाइंड की तलाश जारी

पुलिस ने राधानगर थाना क्षेत्र के देवीगंज इलाके में छापेमारी कर इस कॉल सेंटर का खुलासा किया। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, गिरोह का मास्टरमाइंड अमित (आगरा निवासी) अभी फरार है, जिसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं। साथ ही, आरोपियों को सिम कार्ड उपलब्ध कराने वालों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button