पॉपुलर पंजाबी सिंगर करण औजला पर गंभीर आरोप, कनाडाई आर्टिस्ट के दावों से मचा हंगामा

कनाडाई आर्टिस्ट के गंभीर आरोपों से पंजाबी सिंगर करण औजला विवादों में कथित रिश्ते, शादी छिपाने और बदनाम करने के दावों ने बढ़ाया हंगामा विवाद के बीच पत्नी पलक औजला भी आईं चर्चा में

Karan aujla: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के मशहूर सिंगर करण औजला इन दिनों एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं। कनाडा की एक रैपर, सिंगर और एक्ट्रेस ने उन पर निजी रिश्ते और शादी की सच्चाई छिपाने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। सोशल मीडिया पर इन दावों के सामने आने के बाद मामला तेजी से वायरल हो रहा है। आरोप लगाने वाली कलाकार का कहना है कि करण औजला के साथ उनका कथित अफेयर था, लेकिन सिंगर ने यह बात उनसे छिपाई कि वह पहले से शादीशुदा हैं। इस पूरे विवाद में अब करण औजला की पत्नी पलक औजला का नाम भी सुर्खियों में आ गया है।

 

कौन हैं आरोप लगाने वाली कनाडाई आर्टिस्ट?

आरोप लगाने वाली यह कनाडाई कलाकार इंस्टाग्राम पर @msgorimusic नाम से एक्टिव हैं और ट्विन रैप डुओ Nyx और Nym का हिस्सा हैं। उनका दावा है कि ‘तौबा तौबा’, ‘फॉर ए रीजन’, ‘बॉयफ्रेंड’, ‘सॉफ्टली’, ‘बचके बचके’ और ‘व्हाइट ब्राउन ब्लैक’ जैसे हिट गानों से पहचान बना चुके करण औजला ने उनके साथ निजी रिश्ता रखा, लेकिन अपनी शादी की जानकारी उनसे छिपाए रखी।

 

रिश्ता सामने आते ही चुप कराने का आरोप

कनाडाई आर्टिस्ट का आरोप है कि जैसे ही यह रिश्ता सार्वजनिक होने लगा, उन्हें चुप कराने और बदनाम करने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि करण औजला की टीम ने उनके खिलाफ झूठी जानकारी फैलाने का प्रयास किया। उनका यह भी आरोप है कि भारत के एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के जरिए उनके ऊपर फर्जी आपराधिक आरोप फैलाए गए, ताकि उनकी छवि खराब की जा सके और सच्चाई दबाई जा सके।

 

बयान का स्क्रीनशॉट सोशल मीडिया पर वायरल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे बयान के स्क्रीनशॉट में आर्टिस्ट ने दावा किया कि वह हॉलीवुड फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि करण औजला के साथ निजी रिश्ते के बाद उन्हें सार्वजनिक रूप से शर्मिंदा किया गया। उनका यह भी कहना है कि वह इस रिश्ते में यह जाने बिना शामिल हुई थीं कि सिंगर पहले से शादीशुदा हैं। उन्होंने यह दावा भी किया कि इस मामले की जांच कनाडा और अमेरिका में पुलिस द्वारा की जा रही है। उनके अनुसार, उनके खिलाफ झूठे आरोप पश्चिमी देशों में वायरल किए गए, जबकि भारत में मामले को दबाने की कोशिश हुई।

 

अमेरिकी मीडिया को इंटरव्यू देने का दावा

कनाडाई आर्टिस्ट ने कहा है कि एक बड़ा अमेरिकी मीडिया हाउस उनका इंटरव्यू लेने की तैयारी कर रहा है। उनका दावा है कि यह पहली बार है जब उन्होंने इस पूरे मामले पर खुलकर बोलने का फैसला किया है। उन्होंने यह भी कहा कि बयान सामने आने के बाद भारत की कई सेलेब्रिटीज ने निजी तौर पर उनसे संपर्क कर उनके साहस की तारीफ की है।

 

विवाद के बीच करण औजला की पत्नी पलक भी चर्चा में

इन आरोपों के बीच करण औजला की पत्नी पलक औजला (पूर्व में पलक आहूजा) भी सुर्खियों में हैं। करण और पलक बचपन के दोस्त रहे हैं और करीब 10 साल तक रिलेशनशिप में रहने के बाद दोनों ने 2019 में सगाई की थी। इसके बाद साल 2023 में कपल ने मैक्सिको में एक प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।पलक औजला पेशे से मेकअप आर्टिस्ट हैं और कनाडा में रहती हैं। वह दुबई स्थित Maison Palké Luxury Ladies Salon की CEO हैं, जिसकी शुरुआत उन्होंने पिछले साल अपने पति करण औजला के साथ मिलकर की थी।

 

सोशल मीडिया पर मजबूत बॉन्ड की झलक

विवाद के बीच पलक औजला ने सोशल मीडिया पर करण औजला के साथ एक रोमांटिक तस्वीर साझा की है। सभी आरोपों के बावजूद कपल की मजबूत बॉन्डिंग देख फैंस खुश नजर आ रहे हैं। फिलहाल करण औजला या उनकी टीम की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। सोशल मीडिया पर यह मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है और सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि करण औजला इस पूरे विवाद पर कब और क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

Related Articles

Back to top button