पाकिस्तान से जुड़े कथित जासूसी नेटवर्क में गाजियाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई
गाजियाबाद पुलिस ने पकड़ी पाकिस्तान के लिए जासूस महिला मोबाइल में मिले दिल्ली-एनसीआर के संवेदनशील इलाकों के सुराग दीपा सराय का इलाका सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में

Up news: गाजियाबाद पुलिस ने संभल जिले के दीपा सराय की रहने वाली एक महिला इरम उर्फ शाने मेहराज को हिरासत में लिया है। पुलिस का आरोप है कि इरम पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रही थी।
मोबाइल में मिले अहम सुराग
पुलिस जांच में सामने आया कि इरम के मोबाइल फोन में दिल्ली-एनसीआर के डिफेंस से जुड़े संवेदनशील इलाकों की लोकेशन, फोटो और वीडियो मौजूद थे। इसके अलावा कुछ विदेशी नंबरों पर की गई चैटिंग के भी सबूत मिले हैं। खुफिया एजेंसियां इन पर गहनता से जांच कर रही हैं।
संगठित नेटवर्क के संपर्क में थी आरोपी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मिले सबूतों से संकेत मिलता है कि इरम किसी संगठित जासूसी नेटवर्क के संपर्क में थी। वह पिछले करीब 2 साल से अपने पति फैजान के साथ गाजियाबाद के मसूरी इलाके में रह रही थी। फैजान पेशे से ट्रक ड्राइवर हैं और दोनों की शादी लगभग तीन साल पहले हुई थी।दो दिन पहले ही दंपति ईद मनाने अपने गांव दीपा सराय गए थे। इसी दौरान पुलिस ने कार्रवाई कर इरम को गिरफ्तार किया। अब खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इरम किन लोगों से जुड़ी थी और उसे कौन-कौन सी जानकारी जुटाने का जिम्मा दिया गया था।
दीपा सराय का संदिग्ध इतिहास
संभल जिले का दीपा सराय इलाका पहले भी संदिग्ध गतिविधियों के लिए चर्चा में रहा है। साल 2023 में आईएसआईएस से जुड़े दो युवकों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा अल-कायदा से जुड़ा कुख्यात आतंकी आसिम उमर भी इसी इलाके का रहने वाला बताया जाता है।इन घटनाओं के चलते दीपा सराय लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी में रहा है। ताजा गिरफ्तारी के बाद यह इलाका फिर से एजेंसियों की रडार पर आ गया है।



