पंजाब को स्पेशल स्टील सेक्टर में 1003 करोड़ का ग्रीनफील्ड निवेश
लुधियाना में अत्याधुनिक स्टील प्लांट के लिए 1003.57 करोड़ का निवेश प्रस्ताव ग्रीनफील्ड प्रोजेक्ट से 920 से अधिक लोगों को मिलेगा रोजगार ऑटोमोबाइल सेक्टर के लिए हाई-ग्रेड स्पेशल स्टील का होगा उत्पादन

पंजाब के उद्योग एवं वाणिज्य, निवेश प्रोत्साहन और बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने बताया कि राज्य को विशेष स्टील निर्माण क्षेत्र में एक बड़ी औद्योगिक उपलब्धि हासिल हुई है। अरोड़ा आयरन ग्रुप की कंपनी ए.आई.एस.आर.एम. मल्टीमेटल्स प्राइवेट लिमिटेड ने लुधियाना जिले के गांव जसपालों (दोराहा-खन्ना रोड) में अत्याधुनिक स्टील निर्माण यूनिट स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इस ग्रीनफील्ड परियोजना में 1003.57 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा, जिससे पंजाब के औद्योगिक क्षेत्र को नई मजबूती मिलेगी।
1000 करोड़ से अधिक का ग्रीनफील्ड निवेश
इस प्रोजेक्ट के तहत करीब 46 एकड़ भूमि पर स्टील निर्माण सुविधा विकसित की जाएगी। इससे 920 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है, जिससे स्थानीय स्तर पर औद्योगिक रोजगार को बड़ा बढ़ावा मिलेगा। यह परियोजना तीन चरणों में लागू की जाएगी और इसके पहले चरण को सितंबर 2027 तक शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
5.40 लाख टन वार्षिक उत्पादन क्षमता
प्रस्तावित यूनिट की कुल स्थापित क्षमता 5.40 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष (MTPA) होगी। यहां स्क्रैप और फेरो अलॉयज को कच्चे माल के रूप में उपयोग कर राउंड बार, वायर रॉड, कॉइल और फ्लैट जैसे उत्पाद तैयार किए जाएंगे। प्लांट को साल में लगभग 350 दिन ट्रिपल शिफ्ट में संचालित करने की योजना है।
अत्याधुनिक स्टील निर्माण तकनीक
संजीव अरोड़ा ने बताया कि यह प्लांट आधुनिक और उन्नत तकनीकों से लैस होगा। इसमें इंडक्शन फर्नेस, इलेक्ट्रिक आर्क फर्नेस (EAF), लैडल रिफाइनिंग फर्नेस (LRF), वैक्यूम डी-गैसिंग, आर्गन ऑक्सीजन डी-कार्बराइजेशन, कंटीन्युअस कास्टिंग मशीनें और रोलिंग मिल्स शामिल होंगी। इन तकनीकों से उच्च गुणवत्ता वाले अलॉय और विशेष स्टील का उत्पादन किया जाएगा।
ऑटोमोबाइल सेक्टर को मिलेगा लाभ
उद्योग मंत्री ने कहा कि यह निवेश पंजाब के स्पेशल स्टील और अलॉय इकोसिस्टम को मजबूत करेगा, खासकर ऑटोमोबाइल और ऑटोमोटिव कंपोनेंट सेक्टर के लिए, जहां हाई-ग्रेड स्टील की मांग लगातार बढ़ रही है। इससे लुधियाना की पहचान उत्तर भारत के प्रमुख औद्योगिक और धातु केंद्र के रूप में और सशक्त होगी।
निवेश के लिए पसंदीदा बनेगा पंजाब
कैबिनेट मंत्री संजीव अरोड़ा ने कहा कि यह प्रोजेक्ट पंजाब सरकार की औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, मूल्य संवर्धन और टिकाऊ निर्माण की नीति के अनुरूप है। उन्होंने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब जल्द ही देश के सबसे पसंदीदा निवेश स्थलों में शामिल होगा।



