नोएडा में हाई-टेक ड्रग नेटवर्क का पर्दाफाश: ऑनलाइन ऑर्डर पर स्टूडेंट्स को मिलता था गांजा
नोएडा में ऑनलाइन ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा स्टूडेंट्स तक ई-पोर्टल के जरिए पहुंच रहा था गांजा पुलिस ने 4.5 किलो गांजा और बाइक के साथ आरोपी को पकड़ा

यूपी की हाई-टेक सिटी नोएडा, जहां स्टूडेंट्स ऑनलाइन क्लास लेते हैं और इंटरनेट पर असाइनमेंट सबमिट करते हैं, उसी डिजिटल सिस्टम के बीच एक खतरनाक E-मार्केट चुपचाप पनप रहा था। ऐसा नेटवर्क, जो माउस के एक क्लिक और मोबाइल नोटिफिकेशन के पीछे छिपकर PG और हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स तक ऑनलाइन गांजा सप्लाई कर रहा था। लेकिन ये डिजिटल ड्रग चेन ज्यादा दिन नहीं चल पाई। नोएडा पुलिस ने सीक्रेट इनपुट के आधार पर रेड करके एक ई-डीलर को रंगे हाथों पकड़ लिया। आरोपी के पास से 4.538 किलोग्राम गांजा और एक बाइक बरामद हुई।
क्या-क्या बरामद हुआ?
4.538 किलोग्राम गांजा, एक बाइक, एक पूरा नेटवर्क, जो ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए स्टूडेंट्स तक नशा पहुंचा रहा था। यह गिरफ्तारी सिर्फ एक क्रिमिनल को पकड़ना नहीं, बल्कि उस ट्रेंड का खुलासा है जिसमें नशा अब गलियों में नहीं, बल्कि ऑनलाइन पोर्टल के जरिए बेचा जा रहा है।
पूछताछ में कैसे खुला गैंग का नेटवर्क?
थाना क्षेत्र सेक्टर 126 के प्रभारी निरीक्षक भूपेंद्र बालियान के मुताबिक, बीती रात उपनिरीक्षक विपिन कुमार की टीम ने जेपी विश टाउन सोसाइटी के पास अमर भरवे को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि: वह ई-पोर्टल पर ऑर्डर लेता था, छोटे-छोटे पैकेट में गांजा बनाकर, सीधे PG और हॉस्टल में रहने वाले स्टूडेंट्स तक सप्लाई करता था, पुलिस अब उस पूरे डिजिटल नेटवर्क की जांच कर रही है, जिसके जरिए यह नशा स्टूडेंट्स तक पहुंच रहा था।



