निगल लिया नकली दांत, लेजर तकनीक से बिना सर्जरी डॉक्टरों ने बचाई जान
बड़ी लापरवाही से बनी जानलेवा स्थिति लेजर तकनीक ने टाला बड़ा खतरा बिना सर्जरी मिली मरीज को नई जिंदगी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने गलती से अपना नकली दांत निगल लिया। यह दांत उसकी खाने की नली में फंस गया, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। राहत की बात यह रही कि डॉक्टरों ने बिना बड़ी सर्जरी किए एक खास तकनीक की मदद से उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
क्या हुआ था पूरा मामला
डॉक्टरों के मुताबिक जब मरीज अस्पताल पहुंचा तो उसे सांस लेने में परेशानी, गले में तेज दर्द और खाना निगलने में दिक्कत हो रही थी। जांच में पता चला कि उसने गलती से नकली दांत निगल लिया था, जो खाने और सांस की नली के जंक्शन के पास ऊपरी ग्रासनली में फंस गया था। इस वजह से उसके सीने में भी काफी दर्द हो रहा था।
क्यों था मामला इतना गंभीर
इमेजिंग जांच में सामने आया कि दांत बहुत नाजुक जगह पर फंसा हुआ था। वहां से उसे निकालना आसान नहीं था, क्योंकि जरा सी गलती से ग्रासनली फट सकती थी। डॉक्टरों के अनुसार, पारंपरिक तरीकों से इसे निकालना जोखिम भरा था और मरीज की हालत और खराब हो सकती थी।
लेजर तकनीक से किया कमाल
डॉक्टरों ने एंडोस्कोपिक तकनीक और लेजर बीम का इस्तेमाल करते हुए दांत को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटा। इसके बाद एक विशेष सुरक्षात्मक ट्यूब डालकर उन टुकड़ों को सावधानी से बाहर निकाला गया, ताकि अंदरूनी हिस्सों को कोई नुकसान न पहुंचे।
बिना ऑपरेशन के मिली राहत
इस पूरी प्रक्रिया में ओपन सर्जरी की जरूरत नहीं पड़ी। डॉक्टरों का कहना है कि इस आधुनिक तकनीक की मदद से मरीज को बड़ी सर्जरी से बचा लिया गया। फिलहाल मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और खतरे से बाहर है।



