दिल्ली मेट्रो में सफर करने वालों के लिए बड़ी खबर, नियम तोड़ने पर अब जेब होगी और ढीली
मेट्रो में नियम तोड़ना अब पड़ेगा महंगा, जुर्माना बढ़ाने की तैयारी नशे में सफर, गंदगी फैलाना और फर्श पर बैठने पर सख्ती महिला कोच में घुसने पर अब ₹5000 तक देना होगा जुर्माना

अगर आप रोजाना दिल्ली मेट्रो से सफर करते हैं, तो ये अपडेट आपके लिए बेहद जरूरी है। डीएमआरसी अब नियम तोड़ने वालों पर सख्ती बढ़ाने की तैयारी में है। प्रस्तावित बदलावों के बाद छोटे-छोटे नियम तोड़ने पर भी अब भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है, जो बढ़कर ₹5000 तक जा सकता है। मेट्रो में गंदगी फैलाना, फर्श पर बैठना या महिला कोच में घुसना अब पहले से ज्यादा महंगा पड़ेगा।
क्या है नया प्रस्ताव?
केंद्र सरकार ने मेट्रो रेलवे (संचालन और रखरखाव) अधिनियम, 2002 में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। ये बदलाव ‘जन विश्वास (विधियों में संशोधन) विधेयक, 2026’ के तहत किए जा रहे हैं। इस बिल को लोकसभा में केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद ने पेश किया है। सरकार का मकसद है कि छोटे अपराधों में जेल की बजाय जुर्माने को प्राथमिकता दी जाए और उसकी राशि बढ़ाई जाए।
किन नियमों पर बढ़ेगा जुर्माना?
नए प्रस्ताव के मुताबिक, अगर कोई यात्री नशे में पाया जाता है, मेट्रो में थूकता है, फर्श पर बैठता है या झगड़ा करता है, तो उस पर लगने वाला जुर्माना ₹500 से बढ़ाकर ₹2,500 तक किया जा सकता है। इसी तरह आपत्तिजनक सामान लेकर चलने पर भी अब ज्यादा पैसे चुकाने पड़ेंगे।
दीवारों पर लिखने-चिपकाने पर सख्त सजा
अगर कोई व्यक्ति मेट्रो के अंदर लिखता है या पोस्टर चिपकाता है और हटाने से मना करता है, तो अब उसे भारी जुर्माना भरना पड़ सकता है। पहले इसके लिए ₹1000 तक का जुर्माना या जेल का प्रावधान था, लेकिन अब इसे बढ़ाकर ₹10,000 तक करने का प्रस्ताव है।
महिला कोच में घुसने पर बड़ा झटका
महिलाओं के लिए आरक्षित कोच में अगर कोई पुरुष घुसता है, तो अब उसे ज्यादा कीमत चुकानी पड़ेगी। पहले इस पर ₹250 तक का जुर्माना या 3 महीने की सजा थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर ₹5,000 तक करने की तैयारी है।
अभी कितना लगता है जुर्माना?
फिलहाल अलग-अलग नियमों के उल्लंघन पर ₹200 से ₹500 तक का ही जुर्माना लगता है, लेकिन नए नियम लागू होने के बाद ये कई गुना बढ़ जाएगा। ऐसे में मेट्रो में सफर करते वक्त नियमों का पालन करना अब पहले से ज्यादा जरूरी हो जाएगा।



