दिल्ली के रोहिणी में प्रॉपर्टी डीलर के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 करोड़ की फिरौती से जुड़ा मामला
रोहिणी में दिनदहाड़े दहशत – प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर खड़ी कार पर 25 राउंड फायरिंग 3 करोड़ की रंगदारी का मामला – इंटरनेशनल नंबर से मिल रही थी लगातार धमकी हिमांशु भाऊ गैंग पर शक – CCTV फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश में पुलिस

Delhi: दिल्ली के रोहिणी इलाके में शुक्रवार शाम उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर-24 के बेगमपुर इलाके में ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज गूंजी। तीन बाइक सवार बदमाशों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के घर के बाहर खड़ी कार पर करीब 25 राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए। अचानक हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस के मुताबिक, यह फायरिंग 3 करोड़ रुपये की फिरौती से जुड़ी हुई है। बताया जा रहा है कि तीन दिन पहले एक इंटरनेशनल नंबर से प्रॉपर्टी डीलर को फोन और मैसेज कर 3 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई थी। रकम नहीं देने पर बदमाशों ने डराने के मकसद से इस फायरिंग को अंजाम दिया।
हिमांशु भाऊ गैंग का नाम आया सामने
पुलिस जांच में सामने आया है कि इस वारदात को कुख्यात हिमांशु भाऊ गैंग के गुर्गों ने अंजाम दिया है। गनीमत यह रही कि इस फायरिंग में कोई घायल नहीं हुआ, लेकिन घर के बाहर खड़ी नीले रंग की टोयोटा इनोवा कार के शीशे पर गोलियों के निशान साफ तौर पर बदमाशों की मंशा को बयां कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फायरिंग का मकसद किसी की हत्या करना नहीं, बल्कि कारोबारी को डराना था।
CCTV में कैद हुए तीनों बदमाश
घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक लाल रंग की बाइक सोसाइटी के अंदर जाती दिखाई दे रही है। बाइक पर तीन लोग सवार थे। पुलिस का दावा है कि यही तीनों बदमाश फायरिंग की वारदात में शामिल थे। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी पहचान की जा रही है।
इंटरनेशनल नंबर से मिल रही थी धमकी
पुलिस के अनुसार, 26 दिसंबर से 29 दिसंबर के बीच प्रॉपर्टी डीलर और एक कार्डबोर्ड कारोबारी से लगातार 3 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई थी। यह मांग इंटरनेशनल नंबर से व्हाट्सएप कॉल और वॉइस मैसेज के जरिए की गई थी। बदमाशों ने पैसे न देने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी। शुरुआत में कारोबारी ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की, लेकिन फायरिंग की घटना के बाद अब रंगदारी और फायरिंग की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
फायरिंग के बाद फिर मिली धमकी
चश्मदीदों के मुताबिक, बदमाशों ने सोसाइटी में घुसते ही अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हालांकि जिस गाड़ी को निशाना बनाया गया, वह उस कारोबारी की नहीं थी, जिससे फिरौती मांगी गई थी। इससे साफ है कि वारदात को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। फायरिंग के बाद बदमाशों ने इंटरनेशनल नंबर से एक बार फिर धमकी भरा मैसेज भेजा, जिसमें लिखा था: “ये तो सिर्फ ट्रेलर है”। साथ ही कारोबारी की पत्नी और बेटी को जान से मारने की धमकी भी दी गई।
पुलिस की कई टीमें जांच में जुटीं
घटना के बाद पुलिस की क्राइम ब्रांच और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और सबूत जुटाए। आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



