तेलंगाना सरकार का बड़ा कदम: ट्रांसजेंडर समुदाय को ड्रोन, ड्राइविंग और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग
ट्रांसजेंडर समुदाय के लिए स्किल डेवलपमेंट पहल ड्रोन, ड्राइविंग और होटल मैनेजमेंट की ट्रेनिंग 91 लोगों को मिलेगा रोजगार और आत्मनिर्भर बनने का मौका

Telangana: तेलंगाना सरकार ने ट्रांसजेंडर समुदाय को आत्मनिर्भर बनाने के लिए एक खास कौशल विकास कार्यक्रम शुरू किया है। इस पहल के तहत ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को ड्रोन उड़ाने, होटल मैनेजमेंट और कार चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी। राज्य के मंत्री ए. लक्ष्मण कुमार ने शनिवार को इस कार्यक्रम की शुरुआत करते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य ट्रांसजेंडर समुदाय को सम्मान और बेहतर जीवन देना है।
ट्रांसजेंडर समुदाय पर खास फोकस
सरकार का कहना है कि ट्रांसजेंडर लोगों को लंबे समय से सामाजिक और आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसी को ध्यान में रखते हुए अब शिक्षा, स्किल डेवलपमेंट और रोजगार के नए मौके दिए जा रहे हैं, ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें और समाज में सम्मान के साथ जीवन जी सकें।
ड्राइविंग और होटल मैनेजमेंट से रोजगार के अवसर
इस योजना के तहत 50 ट्रांसजेंडर लोगों को ‘मारुति सुजुकी ड्राइविंग स्कूल’ के जरिए कार चलाने की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे वे नौकरी या खुद का काम शुरू कर सकें। वहीं 25 लोगों को होटल मैनेजमेंट और शेफ की ट्रेनिंग ‘नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टूरिज्म एंड हॉस्पिटैलिटी मैनेजमेंट’ (NITHM) में दी जाएगी, जिससे उन्हें होटल और कैटरिंग इंडस्ट्री में काम मिल सके।
ड्रोन पायलट ट्रेनिंग भी शामिल
इसके अलावा 16 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को बेगमपेट स्थित ‘तेलंगाना स्टेट एविएशन एकेडमी’ में ड्रोन पायलट की ट्रेनिंग दी जाएगी। आज के समय में ड्रोन टेक्नोलॉजी की मांग तेजी से बढ़ रही है, जिससे इन लोगों के लिए नए करियर ऑप्शन खुलेंगे।
91 लोगों को मिलेगा फायदा
इन तीनों कार्यक्रमों के तहत कुल 91 ट्रांसजेंडर व्यक्तियों को ट्रेनिंग दी जाएगी, जिस पर करीब 17.72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे पहले भी मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के सुझाव पर हैदराबाद पुलिस ने ट्रांसजेंडर लोगों को ट्रैफिक असिस्टेंट के रूप में काम देने की पहल की थी।



