तेलंगाना: गर्ल्स हॉस्टल के एसी में धमाका, 6 छात्राएं बेहोश

शॉर्ट सर्किट से गर्ल्स हॉस्टल के एसी में हुआ धमाका धुएं के कारण छह छात्राएं बेहोश, अस्पताल में भर्ती दमकल पहुंचने से पहले स्थानीय लोगों ने आग पर पाया काबू

तेलंगाना के मेडचल-मलकाजगिरि जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां एक गर्ल्स हॉस्टल में एसी फटने से अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के अनुसार यह हादसा शॉर्ट सर्किट की वजह से हुआ। घटना के बाद हॉस्टल में धुआं भर गया, जिससे कई छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई।

 

शॉर्ट सर्किट से लगी आग

बताया जा रहा है कि नाइन एजुकेशन नामक गर्ल्स हॉस्टल में तड़के करीब 4:40 बजे एसी में शॉर्ट सर्किट हुआ। इसके बाद एसी में धमाका हुआ और आग लग गई। आग लगते ही पूरे कमरे में धुआं फैल गया, जिससे अंदर मौजूद छात्राओं को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

 

छह छात्राएं मिलीं बेहोश

धुएं की वजह से एक कमरे में मौजूद छह लड़कियां बेहोशी की हालत में पाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग को बुलाया गया, लेकिन दमकल की गाड़ी के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पा लिया।

 

अस्पताल में भर्ती, हालत स्थिर

दमकल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सभी बेहोश छात्राओं को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है। अधिकारियों ने कहा कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

 

हैदराबाद में हाल ही में हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि शनिवार को हैदराबाद के नामपल्ली इलाके में भी आग लगने की एक बड़ी घटना सामने आई थी। चार मंजिला फर्नीचर की दुकान में लगी आग में पांच लोगों की मौत हो गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, बेसमेंट में अव्यवस्था और ज्वलनशील सामान की मौजूदगी हादसे की बड़ी वजह बनी।

Related Articles

Back to top button